Sunday, April 13, 2014

ब्रह्मदेव बन्धु की एक ग़ज़ल

अजीब शहर है खुद को संभाल कर रखिये
हो जाये वार न ढालें निकाल कर रखिये


वो कोलतार गरम दूर तक जो फैला है
ये पाँव अपने ज़रा देख भाल कर रखिये


ये ज़िन्दगी तो फटी-सी क़मीज़ है यारो
इसे जनाब कहाँ तक संभाल कर रखिये


तमाम दर्द ज़माने में फिर भी हँसना है
नकाब आप तो चेहरे पे डाल कर रखिये


संवार लेते हो चेहरे की सिलवटों को तुम
पड़ी जो झुर्रियां दिल में न टाल कर रखिये

Saturday, April 12, 2014

जाने क्यों तुमसे मिलने की, आशा कम विश्वास बहुत है ! - बलवीर सिंह 'रंग'

जाने क्यों तुमसे मिलने की
आशा कम विश्वास बहुत है !

सहसा भूली याद  तुम्हारी उर में आग लगा जाती है,
विरहातप भी मधुर मिलन के सोये मेघ जगा जाती है,
मुझ को आग और पानी में
रहने का अभ्यास बहुत है !

धन्य-धन्य मेरी लघुता को जिसने तुम्हें महान बनाया,
धन्य तुम्हारी स्नेह कृपणता जिसने मुझे उदार बनाया,
मेरी अंध-भक्ति को केवल
इतना मंद प्रकाश बहुत है !

अगणित शलभों के दल के दल एक ज्योति पर जल कर मरते,
एक बूंद की अभिलाषा में कोटि-कोटि चातक तप करते,
शशि के पास सुधा थोड़ी है
पर चकोर की प्यास बहुत है !

मैंने आँखे खोल देख ली है नादानी उन्मादों की,
मैंने सुनी और समझी है कठिन कहानी अवसादों की,
फिर भी जीवन के पृष्ठों में
पढ़ने को इतिहास बहुत है !

ओ जीवन के थके पखेरू ! बढ़े चलो हिम्मत मत हारो,
पंखों में भविष्य बंदी है , मत अतीत की ओर निहारो,
क्या चिंता धरती यदि छूटी,
उड़ने को आकाश बहुत है !






हम पत्ते तूफ़ान के ! - गोपालदास 'नीरज'

हम पत्ते तूफ़ान के !
हम किस को क्या दे-लें, हम तो बंजारे वीरान के !

ऊपर उठते, नीचे गिरते,
आँधी-संग भटकते-फिरते,
जिस पर लंगर नहीं, मुसाफ़िर हम ऐसे जलयान के !

रमता जोगी, बहता पानी,
अपनी इतनी सिर्फ़ कहानी,
पल-भर के मेहमान, कि जैसे बुझते दिये विहान के !

कुछ पीड़ा, कुछ आंसू खारे,
बस यह पूंजी पास हमारे,
ताजमहल में देखे हमने पत्थर कब्रिस्तान के !

सपने हम न किसी काजल के,
अपने हम न किसी आँचल के,
नीलामी पर चढ़े खिलौने, काग़ज की दूकान के !

जात अजानी, नाम अजाना,
कहीं न अपना ठौर-ठिकाना,
बिना कुटी के सन्यासी हम, मकी बगैर मकान के !

जुड़े नुमायश, लगे कि मेले,
रहे यहाँ हम सदा अकेले,
कौन हार में जड़े हमें, हम मानिक दुःख की खान के !

दिल शोला, आँखें शबनम हैं,
हम से मत पूछो, क्या हम हैं ?
मज़हब अपना प्यार, जन्म से आशिक़ हम इन्शान के !

Friday, April 11, 2014

देर हुई घर आने में , दिल बैठा तैखाने में ! - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

देर हुई घर आने में !
दिल बैठा तैखाने में !!

क्या बतलाऊँ क्या-क्या था !
मेरे लुटे खजाने में !!

गुलशन रास न आया तो,
लौट पड़ा वीराने में !

इश्क ख़ुदकुशी कर लेता,
मान गया समझाने में !



मुझे चैन सा मिलता है,
दिल-ही-दिल पछताने में !

वो शर्माता है, सिर पर,
अपना बोझ उठाने में !

मसला सुलझा, एक नहीं,
उम्र गयी सुलझाने में !

जिसको मैंने मन्त्र दिया,
मुझे लगा बहकाने में !

उम्र कैद की सज़ा मिली,
इश्क किया बचकाने में !

जिस ने जो चाहा जोड़ा,
पाक-साफ़ अफ़साने में !

सांसें जल-कर खाक हुईं,
दिल की आग बुझाने !

घर- बैठा 'सिन्दूर' मगर,
दिल है कहाँ ठिकाने में !

बातों में हम आयें क्यों , मन अपना भरमायें क्यों - डॉ. रेनू चंद्रा

बातों में हम आयें  क्यों
मन अपना भरमायें  क्यों

आखिर बात बनेगी ही
हम इतना घबराएँ क्यों

रात गयी तो बात गयी
सर धुनकर पछताएँ क्यों

मिलकर शिकवे दूर करें
मित्रों से कतराएँ क्यों

व्यंग हमें खलते हैं तो
औरों पर बरसाएँ क्यों

केवल उनकी खातिर ही
सारी सुख-सुविधाएं क्यों

दो ही सच्चे दोस्त भले
ज्यादा भीड़ जुटाएं क्यों

Thursday, April 10, 2014

अनिल सिन्दूर की दो रचनायें

जिसने थामीं थी लड़कपन में उँगलियाँ मेरी - शशांक सुरेन्द्र बुदकल

जिसने थामीं थी लड़कपन में उँगलियाँ मेरी
वो ही अब ढूँढ़ता रहता है ग़लतियाँ मेरी

ले चुके नाम हम उनके, जो ज़हन में थे
बंद होती ही नहीं फिर भी हिचकियाँ मेरी

मुफ़लिसी में जो मिला करते थे नश्तर बनके
मिली दौलत तो गिनाते हैं खूबियाँ मेरी

हैं बहुत तेज़ हवाएँ आज दरिया की
कहाँ जाएँगी भला अब ये कश्तियाँ मेरी

आख़री वक़्त में आए हैं तसल्ली देने
जो हँसा करते थे, सुन-सुन के सिसकियाँ मेरी....