Tuesday, September 23, 2014

पहाड़ों के जिस्मों पे बर्फ़ीली चादर - आलोक श्रीवास्तव

पहाड़ों के जिस्मों पे बर्फ़ीली चादर
चिनारों के पत्तों पे शबनम के बिस्तर

हसीं वादियों में महकती है केसर
कहीं झिलमिलाते हैं झीलों के ज़ेवर


है कश्मीर धरती पे जन्नत का मंज़र

यहां के बशर हैं फ़रिश्तों की मूरत

यहां की ज़ुबां है बड़ी ख़ूबसूरत
यहां की फ़िज़ा में घुली है मुहब्बत

यहां की हवाएं मुअत्तर-मुअत्तर
है कश्मीर धरती पे जन्नत का मंज़र

ये झीलों के सीनों से लिपटे शिकारे
ये वादी में हंसते हुए फूल सारे

यक़ीनों से आगे हसीं ये नज़ारे
फ़रिश्ते उतर आए जैसे ज़मीं पर

है कश्मीर धरती पे जन्नत का मंज़र
सुख़न सूफ़ियाना, हुनर का ख़ज़ाना

अज़ानों से भजनों का रिश्ता पुराना
ये पीरों फ़कीरों का है आस्ताना

यहां मुस्कुराती है क़ुदरत भी आकर
है कश्मीर धरती पे जन्नत का मंज़र

मगर कुछ दिनों से परेशान है ये
तबाही के मंज़र से हैरान है ये

पहाड़ों में रहने लगी है ख़मोशी
चिनारों के पत्तों में है बदहवासी

न केसर में केसर की ख़ुशबू रही है
न झीलों में रौनक़ बची है ज़रा-सी

हर इक दिल उदासी में डूबा हुआ है
हर इक दिल यहां बस यही कह रहा है-

संभालो-संभालो फ़रिश्तों का ये घर
बचा लो बचा लो ये जन्नत का मंज़र

हर तरफ हर जगह बेशुमार आदमी - निदा फाजली

हर तरफ हर जगह बेशुमार आदमी,
फिर भी तनहाइयों का शिकार आदमी,

सुबह से शाम तक बोझ ढ़ोता हुआ,
अपनी लाश का खुद मज़ार आदमी,

हर तरफ भागते दौड़ते रास्ते,
हर तरफ आदमी का शिकार आदमी,

रोज़ जीता हुआ रोज़ मरता हुआ,
हर नए दिन नया इंतज़ार आदमी,

जिन्दगी का मुक्कदर सफ़र दर सफ़र,
आखिरी साँस तक बेकरार आदमी

खिड़की पर आँख लगी देहरी पर कान - सोम ठाकुर

खिड़की पर आँख लगी देहरी पर कान
धूप भरे सूने दालान
हल्दी के धूप भरे दालान

पर्दों के साथ-साथ उड़ता है
चिड़ियों का खंडित-सा छायाक्रम
झरे हुए पत्तों की खड़-खड़ में
उगता है कोई मन-चाहा भ्रम
मंदिर के कलशों पर
ठहर गयी -
सूरज की काँपती थकान
धूप भरे सूने दालान

रोशनी चढ़ी सीढ़ी-सीढ़ी
डूबा मन
जीने के मोड़ों को
घेरता अकेलापन
ओ मेरे नंदन !

आँगन तक बढ़ आया-
एक बियावान.

 

Monday, September 22, 2014

दर्द जब हद से गुज़र जाता है...... - वीणा श्रीवास्तव

दर्द जब हद से गुज़र जाता है......
तो हो ही जाता है
दिल मे ठहर कर भारी .......
तो कभी
आँखों की कोर से चुपचाप बहकर, हल्का
माथे पर उभरी रेखाओं मे अनसुलझा
मस्तिष्क मे चढ़ा आशंकाओं की भेंट
तो कभी....
अधरों पर विरह गुनगुनाता गीत सा,
इश्क़ का मारा,मुफ़लिसी के समंदर सा खारा
ज़ेहन मे डूबता-उतराता नासमझ .....
बदमाश
कोई तो होगी दवा तेरी.........?

हवा ने बीज से नहीं पूछा था - दिनकर कुमार

हवा ने बीज से नहीं पूछा था
उसकी जाति के बारे में
उसके प्रान्त के बारे में
उसकी मातृभाषा के बारे में
और हवा
बीज को उड़ाकर ले आई थी

बीज मिट्टी के साथ
घुल-मिल गया था और
एक फूल के पौधे के रूप में
अंकुरित हुआ था

हवा की तरह चिड़िया भी
बीज से नहीं पूछती
निर्धारित प्रपत्र के प्रश्न
हवा की तरह चिडिय़ा भी
बीज से नहीं माँगती
सच्चे-झूठे प्रमाण-पत्र

और मनुष्य जड़ की तलाश में
उन्मादित हो जाता है
अतीत के मुर्दाघर में भटकता है
हवा की तरह
चिडिय़ा की तरह
और मिट्टी की तरह
सहज नहीं रह जाता

खून के लाल रंग को भूलकर
पीले और नीले
काले और भूरे रंग के भ्रम में
पंचतंत्र का शेर बन जाता है
मेमने पर पानी गंदा करने का
आरोप लगाता है
मेमने की सफ़ाई सुनकर
उसके पूर्वज को दोषी बताता है
और मेमने को दंडित करता है ।

Saturday, September 20, 2014

हर माँ अपनी कोख से - निदा फ़ाज़ली

हर माँ
अपनी कोख से
अपने शौहर को जन्मा करती है..,

मैं भी जब
अपने कन्धों से
बूढ़े मलबे को ढो-ढो कर
थक जाउँगा...!


अपनी महबूबा के
कुँवारे गर्भ में
छुप कर सो जाऊँगा..!!

Saturday, September 13, 2014

सिर्फ तिनकों के सहारे नहीं बनते घोंसले - मणि मोहन मेहता

घोंसला
------
सिर्फ तिनकों के सहारे
नहीं बनते घोंसले ....
देखो , जरा गौर से
इस स्रष्टि को
कुछ टूटे हुए पंख भी
दिख जायेंगे
यहाँ - वहां ।