Thursday, October 1, 2015

तुम चिन्तन के शिखर चढ़ो..............सीमा अग्रवाल



तुम चिन्तन के शिखर चढ़ो ..........
तुम पन्नों पर सजे रहो, अधरों - अधरों बिखरेंगे
तुम बन ठन कर घर में बैठो, हम सड़कों से बात करें
तुम मुठ्ठी में कसे रहो, हम पोर-पोर खैरात करें
इतराओ गुलदानों में, हम मिट्टी में निखरेंगे
तुम अनुशासित झीलों जैसे, हल्का-हल्का मुस्काते
हम अल्हड़ नदियों सा हँसते, हर पत्थर से बतियाते
तुम चिन्तन के शिखर चढ़ो हम चिन्ताओं में उतरेंगे !












Thursday, September 10, 2015

एक दिया चलता है आगे- आगे अपने ज्योति बिछाता - कृष्ण मुरारी पहारिया

एक दिया चलता है आगे-
आगे अपनी ज्योति बिछाता
पीछे से मैं चला आ रहा
कंपित दुर्बल पाँव बढाता

दिया जरा-सा, बाती ऊँची
डूबी हुई नेह में पूरी
इसके ही बल पर करनी है
पार समय की लम्बी दूरी


दिया चल रहा पूरे निर्जन
पर मंगल किरणें बिखराता

तम में डूबे वृक्ष-लताएँ
नर भक्षी पशु उनके पीछे
यों तो प्राण सहेजे साहस
किन्तु छिपा भय उसके नीचे

ज्योति कह रही, चले चलो अब

देखो वह प्रभात है आता

Wednesday, August 19, 2015

जैसे कभी पिता चला करते थे, - भारत भूषण



जैसे कभी पिता चला करते थे,
वैसे ही अब मैं चलता हूँ !
भरी सड़क पर बायें-बायें
बचता-बचता डरा-डरा-सा,
पौन सदी कंधों पर लादे
भीतर-बाहर भरा-भरा सा,
जल कर सारी रात थका जो
अब उस दिये-सा मैं जलता हूँ !
प्रभु की कृपा नहीं कम है ये
पौत्रों को टकसाल हुआ हूँ ,
कुछ प्यारे भावुक मित्रों के
माथे लगा गुलाल हुआ हूँ,
'मिलनयामिनी' इस पीढ़ी-को
सौप स्वयं बस वत्सलता हूँ !
कभी दुआ-सा कभी दवा-सा
कभी हवा-सा समय बिताया
संत-असंत रहे सब अपने
केवल पैसा रहा पराया,
घुने हुये सपनों के दाने,
गर्म आसुओं में तलता हूँ !!

Wednesday, August 5, 2015

कुछ आंसू बन गिर जाएंगे, कुछ दर्द चिता तक जाएंगे, उनमें ही कोई दर्द तुम्हारा भी होगा ! - रमानाथ अवस्थी


कुछ आंसू बन गिर जाएंगे, कुछ दर्द चिता तक जाएंगे
उनमें   ही   कोई   दर्द   तुम्हारा   भी    होगा !

सड़कों पर मेरे पाँव हुए कितने घायल
यह बात गाँव की पगडंडी बतलायेग,
सम्मान-सहित हम सब कितना अपमानित हैं
यह चोट हमें जाने कब तक तड़पायेगी,
कुछ टूट रहे सुनसानों में कुछ टूट रहे तहखानों में
उनमें  ही  कोई  चित्र  तुम्हारा  भी  होगा !

वे भी दिन थे, जब मरने में आनन्द मिला
ये भी दिन हैं , जब जीने से घबराता हूँ ,
वे भी दिन बीत गये हैं , ये भी बीतेंगे
यह सोच किसी सैलानी-सा मुस्काता हूँ ,
कुछ अँधियारों में चमकेंगे , कुछ सूनेपन में खनकेंगे
उनमें ही कोई स्वप्न तुम्हारा भी होगा !

अपना ही चेहरा चुभता है काँटे जैसा
जब संबंधों की मालाएँ मुरझाती हैं ,
कुछ लोग कभी जो छूटे पिछले मोड़ों पर
उनकी यादें नीदों में आग लगाती है ,
कुछ राहों में बेचैन खड़े , कुछ बाँहों में बेहोश पड़े
उनमें ही कोई प्राण तुम्हारा भी होगा !

साधू हो या साँप , नहीं अन्तर कोई
जलता जंगल दोनों को साथ जलाता है ,
कुछ वैसी ही है आग हमारी बस्ती में
पर ऐसे में भी कोई-कोई गाता है ,
कुछ महफ़िल की जय बोलेंगे कुछ दिल के दर्द टटोलेंगे
उनमें ही कोई गीत तुम्हारा भी होगा !
   

Saturday, August 1, 2015

तुमने मुझे बुलाया है, मैं आऊँगा, बंद न करना द्वार देर हो जाए तो ! - रमानाथ अवस्थी



तुमने मुझे बुलाया है, मैं आऊँगा,
बंद न करना द्वार देर हो जाए तो !

अनगिन सांसों का स्वामी होकर भी निरा अकेला हूँ,
पाँव थके हैं दिन-भर अपनी माटी के संग खेला हूँ;
चरवाहे  की  रानी-जैसी  सुन्दर  मेरी  राह  है,
मुझको अपने से ज़्यादा सुन्दरता की परवाह है;
मेरे आने तक मन में धीरज धरना,
चाँद देख लेना यदि मन घबराए तो !

महकी-महकी सांसों-वाले फूल बुलाते हैं मुझे,
पर फूलों के संगी-साथी शूल रुलाते हैं मुझे;
लेकिन मुझ यात्री का इन शूलों-फूलों से मोह क्या,
मेरे मन का हंसा इनसे अनगिन बार छला गया;
मुझसे मिलने की आशा में सह लेना,
यदि तुमको दुनिया का दर्द सताए तो !

मेरी मंज़िल पर है रवि की धूप, बदलियों की छाया,
मैं इन दोनों की सीमाओं के घर में भी सो आया;
लेकिन मुझको तो छूना है सीमा उस श्रंगार की,
जिसके लिए टूटती है हर मूरत इस संसार की;
मैं न रहूँ तब मेरे गीतों को सुनना,
जब कोई कोकिल जंगल में गाए तो !

धो देते हैं बादल जब-तब धूल-भरे मेरे तन को,
लेकिन इनसे बहुत शिकायत है मेरे प्यासे मन को;
मरुथल में चाँदनी तैरती लेकिन फूल नहीं खिलते,
मन ने जिनको चाहा अक्सर मन को वही नहीं मिलते;
मेरा और तुम्हारा मिलना तो तय है,
शंकित मत होना यदि जग बहकाए तो !


Friday, July 31, 2015

आदमी खुद को कभी यूँ भी सज़ा देता है, - गोपालदास नीरज

आदमी खुद को कभी यूँ भी सज़ा देता है,
रोशनी के लिए शोलों को हवा देता है !

खून के दाग़ हैं दामन पे जहाँ संतों के
तू वहां कौन-से नानक को सदा देता है !

एक ऐसा भी वो तीरथ है, मेरी धरती पर,
क़ातिलों को भी जहाँ मंदिर भी दुआ देता है !

मुझको उस वैद्य की विद्या पे तरस आता है.
भूखे लोंगों को जो सेहत की दवा देता है !

तू खड़ा होके कहाँ माँग रहा है रोटी,
ये सियासत का नगर सिर्फ़ दग़ा देता है !

मैं किसी बच्चे के मानिन्द सिसक उठता हूँ,
जब कोई माँ की तरह मुझको दुआ देता है !

मत उसे ढूंढए शब्दों के नुमाइशघर में,
हर पपीहा यहाँ 'नीरज' का पता देता है ! 

Wednesday, May 6, 2015

क्योंकि मैं आधुनिक हूँ.. - aasha agarwal



क्योंकि मैं आधुनिक हूँ...
------------------------
मु्झे देखिए,
परखिए और पंसद आने पर
चुन लीजिए,
आप लगा सकते है मेरी बोली,
अरे घबराएं नहीं,
यदि आप पुरुष हैं तो कतई नहीं,
मेरी बोली आपकी जेब पर नहीं पडेंगी भारी,
मैं तो बस आपसे चाहती हूं कुछ झूठे वादे,
कुछ दगा और कुछ कटु शब्‍दों के पक्‍के धागे,
कहिए कि आप मुझे प्‍यार करते हैं,
गर आप चाहते हैं मेरे हाथों को चूमना,
कहें एक ठहाके के साथ कि आप मेरे बिना जी नहीं सकते
और छू लीजिए मेरी कमर को,
और इच्‍छाएं कुछ ज्‍यादा ही हैं,
तो करें एक और झूठा वादा,
शादी का,
फिर देखिए कैसे मैं बिझ जाऊंगी आप के नीचे,
घबराएं नहीं मेरी बोली में केवल बंधन नहीं है,
आप सहजता से पा सकते हैं मुक्ति भी,
क्‍योंकि मैं हूं आधुनिक नारी,
बस कह दें कि नहीं हो सकती शादी,
जरा से उल्‍हाने दें मेरी पढ़ाई और आधुनिकता के,
बस मैं तैयार हो जाऊंगी किसी और के लिए... aasha