Saturday, August 30, 2014

मेरे न रहने पर आये मेरे सारे परिचित - राकेश मूथा

मेरे न रहने पर आये
मेरे सारे परिचित
वो भी आये
जो कभी नहीं आये थे
मुझे पूछने
मेरे घर
जब में ज़िंदा था
दुखी लग रहे थे


सब दोस्त ,दुश्मन
मेरे न रहने पर
उन सब का प्यार देख
भूल गया मैं अपनी मृत्यु
और खो गया
उस प्यार की धुंध में
कभी फिर इस कोहरे से
बाहिर न निकलने के लिए .................

Thursday, August 28, 2014

स्त्री हूँ मैं खुशनसीब की मैं रचूंगी - राकेश मूथा

स्त्री हूँ मैं
खुशनसीब
की मैं रचूंगी
अपने में
अपने से
प्रतिरूप
अपने प्यार का .......



.............................
स्त्री हूँ में
बदनसीब
नहीं रचना चाहती
मैं
अब कोई
प्रतिरूप ..........
........................................
स्त्री हूँ मैं
हर बात
हमारे बीच
प्रतिद्वंदियों सी है
हमारा प्रेम
कहाँ..कहाँ है ??.....



स्वंय लगा कर कन्धा , अपनी अर्थी लेकर चल दूँ - डॉ. सत्यकाम पहारिया

स्वंय लगा कर कन्धा , अपनी अर्थी लेकर चल दूँ ,
पहुँचू घाट किनारे जाकर , सत्ता से जा मिल लूँ !

जीवन की यह नियति कर्म से भोगा करती ,
यह अतीत की बात सुछवि को धारण करती !

अभी हमें तपना है पावक परम-तत्व से ,
फिर मिलना है दौड़ , तभी उस नील गगन से !

प्रलयंकर हुँकार उठेगी ज्वलित चिता से ,
जल का होगा नाश , अवस्थित देह दशा से !

पवन करेगा सांय-सांय फिर चिता जलेगी ,
क्षिति तो लेगा भाग , शेष बस भस्म रहेगी !

धर्म रहेगा साथ वहां की पावन यात्रा होगी ,
एकाकी होगा जाना बस प्रभु की आस रहेगी !

आत्म-तत्व का परम तत्व से मिलना होगा ऐसे ,
एक बूँद का जलनिधि में ज्यों मिलना होगा जैसे !

जहाँ लोक आनंदमय रहना होगा अब वहां ,
फिर उतर कर इस धरा पर अब नहीं रहना यहाँ !

Wednesday, August 27, 2014

आइए महसूस करिए ज़िन्दगी के ताप को - अदम गोंडवी

आइए महसूस करिए ज़िन्दगी के ताप को
मैं चमारों की गली तक ले चलूँगा आपको

जिस गली में भुखमरी की यातना से ऊब कर
मर गई फुलिया बिचारी कि कुएँ में डूब कर

है सधी सिर पर बिनौली कंडियों की टोकरी
आ रही है सामने से हरखुआ की छोकरी

चल रही है छंद के आयाम को देती दिशा
मैं इसे कहता हूं सरजूपार की मोनालिसा

कैसी यह भयभीत है हिरनी-सी घबराई हुई
लग रही जैसे कली बेला की कुम्हलाई हुई

कल को यह वाचाल थी पर आज कैसी मौन है
जानते हो इसकी ख़ामोशी का कारण कौन है

थे यही सावन के दिन हरखू गया था हाट को
सो रही बूढ़ी ओसारे में बिछाए खाट को

डूबती सूरज की किरनें खेलती थीं रेत से
घास का गट्ठर लिए वह आ रही थी खेत से

आ रही थी वह चली खोई हुई जज्बात में
क्या पता उसको कि कोई भेड़िया है घात में

होनी से बेखबर कृष्ना बेख़बर राहों में थी
मोड़ पर घूमी तो देखा अजनबी बाहों में थी

चीख़ निकली भी तो होठों में ही घुट कर रह गई
छटपटाई पहले फिर ढीली पड़ी फिर ढह गई

दिन तो सरजू के कछारों में था कब का ढल गया
वासना की आग में कौमार्य उसका जल गया

और उस दिन ये हवेली हँस रही थी मौज़ में
होश में आई तो कृष्ना थी पिता की गोद में

जुड़ गई थी भीड़ जिसमें जोर था सैलाब था
जो भी था अपनी सुनाने के लिए बेताब था

बढ़ के मंगल ने कहा काका तू कैसे मौन है
पूछ तो बेटी से आख़िर वो दरिंदा कौन है

कोई हो संघर्ष से हम पाँव मोड़ेंगे नहीं
कच्चा खा जाएँगे ज़िन्दा उनको छोडेंगे नहीं

कैसे हो सकता है होनी कह के हम टाला करें
और ये दुश्मन बहू-बेटी से मुँह काला करें

बोला कृष्ना से बहन सो जा मेरे अनुरोध से
बच नहीं सकता है वो पापी मेरे प्रतिशोध से

पड़ गई इसकी भनक थी ठाकुरों के कान में
वे इकट्ठे हो गए थे सरचंप के दालान में

दृष्टि जिसकी है जमी भाले की लम्बी नोक पर
देखिए सुखराज सिंग बोले हैं खैनी ठोंक कर

क्या कहें सरपंच भाई क्या ज़माना आ गया
कल तलक जो पाँव के नीचे था रुतबा पा गया

कहती है सरकार कि आपस मिलजुल कर रहो
सुअर के बच्चों को अब कोरी नहीं हरिजन कहो

देखिए ना यह जो कृष्ना है चमारो के यहाँ
पड़ गया है सीप का मोती गँवारों के यहाँ

जैसे बरसाती नदी अल्हड़ नशे में चूर है
हाथ न पुट्ठे पे रखने देती है मगरूर है

भेजता भी है नहीं ससुराल इसको हरखुआ
फिर कोई बाँहों में इसको भींच ले तो क्या हुआ

आज सरजू पार अपने श्याम से टकरा गई
जाने-अनजाने वो लज्जत ज़िंदगी की पा गई

वो तो मंगल देखता था बात आगे बढ़ गई
वरना वह मरदूद इन बातों को कहने से रही

जानते हैं आप मंगल एक ही मक़्क़ार है
हरखू उसकी शह पे थाने जाने को तैयार है

कल सुबह गरदन अगर नपती है बेटे-बाप की
गाँव की गलियों में क्या इज़्ज़त रहे्गी आपकी

बात का लहजा था ऐसा ताव सबको आ गया
हाथ मूँछों पर गए माहौल भी सन्ना गया था

क्षणिक आवेश जिसमें हर युवा तैमूर था
हाँ, मगर होनी को तो कुछ और ही मंजूर था

रात जो आया न अब तूफ़ान वह पुर ज़ोर था
भोर होते ही वहाँ का दृश्य बिलकुल और था

सिर पे टोपी बेंत की लाठी संभाले हाथ में
एक दर्जन थे सिपाही ठाकुरों के साथ में

घेरकर बस्ती कहा हलके के थानेदार ने -
"जिसका मंगल नाम हो वह व्यक्ति आए सामने"

निकला मंगल झोपड़ी का पल्ला थोड़ा खोलकर
एक सिपाही ने तभी लाठी चलाई दौड़ कर

गिर पड़ा मंगल तो माथा बूट से टकरा गया
सुन पड़ा फिर "माल वो चोरी का तूने क्या किया"

"कैसी चोरी, माल कैसा" उसने जैसे ही कहा
एक लाठी फिर पड़ी बस होश फिर जाता रहा

होश खोकर वह पड़ा था झोपड़ी के द्वार पर
ठाकुरों से फिर दरोगा ने कहा ललकार कर -

"मेरा मुँह क्या देखते हो ! इसके मुँह में थूक दो
आग लाओ और इसकी झोपड़ी भी फूँक दो"

और फिर प्रतिशोध की आंधी वहाँ चलने लगी
बेसहारा निर्बलों की झोपड़ी जलने लगी

दुधमुँहा बच्चा व बुड्ढा जो वहाँ खेड़े में था
वह अभागा दीन हिंसक भीड़ के घेरे में था

घर को जलते देखकर वे होश को खोने लगे
कुछ तो मन ही मन मगर कुछ जोर से रोने लगे

"कह दो इन कुत्तों के पिल्लों से कि इतराएँ नहीं
हुक्म जब तक मैं न दूँ कोई कहीं जाए नहीं"

यह दरोगा जी थे मुँह से शब्द झरते फूल से
आ रहे थे ठेलते लोगों को अपने रूल से

फिर दहाड़े, "इनको डंडों से सुधारा जाएगा
ठाकुरों से जो भी टकराया वो मारा जाएगा

इक सिपाही ने कहा, "साइकिल किधर को मोड़ दें
होश में आया नहीं मंगल कहो तो छोड़ दें"

बोला थानेदार, "मुर्गे की तरह मत बांग दो
होश में आया नहीं तो लाठियों पर टांग लो

ये समझते हैं कि ठाकुर से उलझना खेल है
ऐसे पाजी का ठिकाना घर नहीं है, जेल है"

पूछते रहते हैं मुझसे लोग अकसर यह सवाल
"कैसा है कहिए न सरजू पार की कृष्ना का हाल"

उनकी उत्सुकता को शहरी नग्नता के ज्वार को
सड़ रहे जनतंत्र के मक्कार पैरोकार को

धर्म संस्कृति और नैतिकता के ठेकेदार को
प्रांत के मंत्रीगणों को केंद्र की सरकार को

मैं निमंत्रण दे रहा हूँ- आएँ मेरे गाँव में
तट पे नदियों के घनी अमराइयों की छाँव में

गाँव जिसमें आज पांचाली उघाड़ी जा रही
या अहिंसा की जहाँ पर नथ उतारी जा रही

हैं तरसते कितने ही मंगल लंगोटी के लिए
बेचती है जिस्म कितनी कृष्ना रोटी के लिए !

इक नये अंदाज़ से हम दिल को बहलाने लगे - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'



इक नये अंदाज़ से हम दिल को बहलाने लगे !
राज़ की बातें भी बच्चों की तरह गाने लगे !!

हद से ज़्यादा बढ़ गईं एहसास की खामोशियाँ,
और हम जंजीर से जंजीर टकराने लगे !

जलवागाहों में हुई गुम कौन-सी परछाईयां,
इस भरी दुनिया में हम तन्हां नज़र आने लगे !



उनसे मिलने के लिये बेताब रहते थे कभी,
अब ये आलम है कि हम ख़ुद से भी कतराने लगे !

किस की खातिर अर्श को छूने लगीं बेताबियाँ,
ख़ुद को दे आवाज़, हम घाटी को थर्राने लगे !

बेख़ुदी को रास आए रास्तों के सिलसिले,
मंजिलों पर मंजिलें 'सिन्दूर' ठुकराने लगे !

Tuesday, August 26, 2014

सूरज को फांसी - शरद कोकास

बैंजामिन मोलाइस , अफ्रीका के क्रन्तिकारी कवि थे जिन्हें फांसी दी गयी थी ! उनके सम्मान में यह कविता शरद कोकस ने वर्ष 1989 में दी थी !

सूरज को फांसी

रात्रि के अंतिम प्रहर में
कारपेट घास पर बैठ
सूरज को फांसी देने की
योजना बनाने वालों से
इतना कहना है
एक बार वे
योजना के गर्भ में झाँककर
सूरज और जल्लाद के
संबंधों की
ख़ुफ़िया जानकारी ले लें

जल्लाद दूर गाँव से बुलाया गया है
फांसी के बाद पैसों के अलावा
इंटरव्यू छापने का आश्वासन है

उन्होंने तय कर लिया है
किस तरह सूरज को बांधकर
तख़्त तक ले जाया जायेगा
चेहरा ढांकने के लिये
काले कपड़े की जरुरत होगी
ताकि उनकी नज़रों से निकलने वाली
क्रांति की चिंगारियां
किसी के दिमाग में जब्ज़ न हो

फंदे के आकार पर भी बात जारी है
ताकि सूरज की नाक
बराबर दूरी पर
दांये या बांये रह सके

सूरज से उसकी अंतिम इच्छा पूछना
योजना में शामिल नहीं है
फांसी से पूर्व की
सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत
शामिल है
सूरज मुखी के पोधों को जड़ से नष्ट करना
ताकि विद्रोह अंकुरित न हो

सूरज की लाश
उसके परिजनों को सौपी जाये या नहीं
या कर दिया जाये उसका अंतिम संस्कार
सरकारी खर्चे पर
विचार इस पर भी जारी है

सूरज के आरोप पत्र में लिखा है अपराध
रोशनी और ऊष्मा के सन्दर्भ में
उसने महलों की नहीं झोपड़ों की तरफदारी की है !



Thursday, August 21, 2014

रे दुःख ,धैर्य रख - अनिल सिन्दूर

रे दुःख
धैर्य रख
तूने यदि दिया है साथ मेरा, जीवन भर
विश्वास रख, छोडूगा मैं भी नहीं
देखा है मैंने , तमाम कोशिशों के बाद भी
चाह कर भी तुझसे अलग न हो सका
और तूने भी कभी छोड़ा नहीं अकेला
ये गठजोड़ बना हैं निभाने को
एक दूसरे का साथ .................