Saturday, March 28, 2015

रिश्तों के अंतिम बिंदु पर - वीरू सोनकर , कानपूर

रिश्तों के अंतिम बिंदु पर,
जहाँ,
तुमने कहा था
अब हमारे रास्ते अलग है !

चाहता हूँ
वहीँ कुछ देर रुकना,
तुम्हे जी भर कर सोचना,
सड़क के उसी प्रस्थान बिंदु पर
सड़क के उसी मोड़ पर,
चाहता हूँ
तुम्हारे हो सकने के सभी यकीनो का
वहीँ पिंडदान करना,
चाहता हूँ
तुम्हारी अंतिम इच्छा को पूर्णरूप से पूर्ण करना,
उसी मोड़ से
तुम्हारे और अपने रास्ते अलग करना !

“पसंद अपनी-अपनी” - रेखा जोशी, फरीदाबाद

“पसंद अपनी-अपनी”
मत देखो ख़्वाब
जो कभी
पूरे हो नही सकते
कितने भी सुन्दर हों
रेत के महल
आखिर
इक दिन तो
गिरना है उन्हें
कभी कभी
ज़िंदगी भी हमे
ले आती
ऐसी राह पर
जहाँ
टेकने पड़ते घुटने
वक्त के आगे
और
बस सिर्फ इंतज़ार
पड़ता है करना
न जाने कब तक

Friday, March 27, 2015

ये मेरी नई मां है - अनीता जैन कोटा (राजस्थान )

ये मेरी नई मां है
जाने क्या हुआ होगा उन दोनों में
जाने क्या सोचा होगा लोगों ने
पर शायद न सोचा
क्या भोगा होगा बच्चो ने
कुछ बातें कुछ वादे न निभे होंगे
दिल न मिले होंगे दोनों के
या वफ़ा बेवफ़ा के किस्से होंगे
पर शायद न सोचा
घायल होंगे दिल बच्चो के
इतने बसंत पतझड़ देखे होंगे दोनों ने
सुख - दुख बान्टे होंगे दोनों ने
मिलजुल रंग भरे होंगे जीवन में
पर शायद ये न सोचा
बच्चेकैसे विश्वास करेंगे रिश्तों पे
छोडा हाथ इक दुजे ने
अलग हो गए इक दुजे से
हसिं पल हो गए ज़हरीले से
पर शायद न सोचा
पूछ रहे कुछ ,बच्चे सूने नैनों से
दर्द मेरे सीने में भर गई
वो मासूम खाली अपनी आंखों से
बिन बोले व्यथा कह गई
सीने से मेरे लग के
क्या सोचा न पापा ने
नई मां लाने से पहले.......,..
क्या सोचा न.....,

मर्दानगी के अवध्य वेताल की ओर से - रितेश मिश्रा इंदौर टाइम आफ इण्डिया में सीनियर रिपोर्टर

सांघातिक सड़कों का
सन्नाटा खरबोटती
चार्टर्ड बस के काले पर्दों के पीछे
बहुवीर्य में लिथड़े
शापित पितृत्वों के साए
मेंकोई न कोई शुक्राणु ज़मीन पाता ही
मार क्यों दिया !
मैं उस बलात्कार का अ-रोपित बेटा
अधिकल्पित प्रेतरोपा जाता,
जनमता तो
अभिव्यक्ति पाती अभीप्सित मर्दानगी
लोहे की राडों में उभरती नसों में रक्त के थक्के जमते हैं
वीर्यप्लावित सड़क पर रेंगते हैं
आत्मरति करती कारों के हुजूम
काले शीशों पर चमकते विज्ञापनों की परछाइयाँ
जिनके पीछे रचना था सभ्यता को
अपना सबसे बड़ा शाहकार
मार क्यों दिया !
यूं भी किसे गुरेज़ था बलात्कार से
सिवाय रात के पोशीदा इरादों पर भरोसा करने वाली
उस अभागी औरत के
मार क्यों दिया !
सदियों से घरों में रिसते कानूनी बलात्कारों के
सांस्कृतिक आकर्षण के सभी हामी थे।
बुतों के दामन से बंधी औरतें
रोटी की ताज़गी में बासी होती औरतें
जारज संतानों का बोझ ढोती गर्भ में
दक्खिन टोलों की सीलनभरी कोठरी के कोने पर-----!
पूरी तहज़ीब राज़ी थीएक जायज़ बलात्कार पर
एवरीबॉडी लव्स अ लीगल रेप------!
तो ढूंढ लेते तर्क इस बलात्कार का
दर्शन से,विज्ञान से
इतिहास की वस्तुनिष्ठ गति से
या किसी अपमार्केट विमर्श से मसलन 'विकास'
बलात्कारों से ही बसती हैं राजधानियां -------
मार क्यों दिया !
पर अब मैं कब तक करूं इंतज़ार
मैं मर्दानगी का अवध्य वेताल------कहाँ होऊं अवतरित
सभ्यता के किस स्काई स्क्रैपर पर
संस्कृति के किस पीपल वृक्ष पर
किस कापालिक के मन्त्रों पर होकर सवार
या इंतज़ार करूं
किसी जायज़ बलात्कार का

Monday, March 23, 2015

नदी के तीर पर ठहरे - विनोद श्रीवास्तव



नदी के तीर पर ठहरे
नदी के बीच से गुजरे
कहीं भी तो लहर की बानगी हमको नहीं मिलती

हवा को हो गया है क्या
नहीं पत्ते खड़कते हैं
घरों में गूँजते खण्डहर
बहुत सीने धड़कते हैं

धुएँ के शीर्ष पर ठहरे
धुएँ के बीच से गुजरे
कहीं भी तो लहर की बानगी हमको नहीं मिलती


नकाबें पहनते हैं दिन
कि लगता रात पसरी
जिसे सब स्वर्ग कहते हैं
न जाने कौन नगरी है

गली के मोड़ पर ठहरे
गली के बीच से गुजरे
कहीं भी तो लहर की बानगी हमको नहीं मिलती

कहाँ मंदिर, कहाँ गिरजा,
कहाँ खोया हुआ काबा
कहाँ नानक, कहाँ कबिरा,
कहाँ चैतन्य की आभा

अवध की शाम को ठहरे
बनारस की सुबह गुजरे
कहीं भी तो लहर की बानगी हमको नहीं मिलती

Sunday, March 22, 2015

पाने को प्रेम - अनिल सिन्दूर

पाने को प्रेम
जब भी
खटखटाता हूँ कुण्डी
प्रेम
खोलकर कुण्डी
चला जाता है कहीं दूर
दिखाई देती है मुझे
पीठ प्रेम की
प्रेम की पीठ !

जैसे तुम सोच रहे साथी - विनोद श्रीवास्तव कानपूर मोब. 9648644966

गीत

जैसे तुम सोच रहे साथी
वैसे आज़ाद नहीं हैं हम

पिंजरे जैसी इस दुनिया में
पंछी जैसा ही रहना है
भरपेट मिले दाना-पानी
लेकिन मन ही मन दहना है

जैसे तुम सोच रहे साथी
वैसे संवाद नहीं हैं हम

आगे बढ़ने की कोशिश में
रिश्ते नाते सब छूट गये
तन को जितना गढ़ना चाहा
मन से उतना ही टूट गये

जैसे तुम सोच रहे साथी
वैसे आबाद नहीं हैं हम

पलकों ने लौटाये सपने
आँखें बोली अब मत आना
आना ही तो सच में आना
आकर फिर लौट नहीं जाना

जितना तुम सोच रहे साथी
उतना बरबाद नहीं हैं हम