Friday, September 5, 2014

जेपी के वक्त में लिखी धर्मवीर भारती की एक कविता .... आज के हिन्दुस्तान के नाम

खलक खुदा का, मुलुक बाश्शा का
हुकुम शहर कोतवाल का
हर खासो-आम को आगह किया जाता है
कि खबरदार रहें
और अपने-अपने किवाड़ों को अन्दर से
कुंडी चढा़कर बन्द कर लें
गिरा लें खिड़कियों के परदे
और बच्चों को बाहर सड़क पर न भेजें
क्योंकि
एक बहत्तर बरस का बूढ़ा आदमी अपनी काँपती कमजोर आवाज में
सड़कों पर सच बोलता हुआ निकल पड़ा है
 

शहर का हर बशर वाकिफ है
कि पच्चीस साल से मुजिर है यह
कि हालात को हालात की तरह बयान किया जाए
कि चोर को चोर और हत्यारे को हत्यारा कहा जाए
कि मार खाते भले आदमी को
और असमत लुटती औरत को
और भूख से पेट दबाये ढाँचे को
और जीप के नीचे कुचलते बच्चे को
बचाने की बेअदबी की जाये
 

जीप अगर बाश्शा की है तो
उसे बच्चे के पेट पर से गुजरने का हक क्यों नहीं ?
आखिर सड़क भी तो बाश्शा ने बनवायी है !
 
बुड्ढे के पीछे दौड़ पड़ने वाले
अहसान फरामोशों ! क्या तुम भूल गये कि बाश्शा ने
एक खूबसूरत माहौल दिया है जहाँ
भूख से ही सही, दिन में तुम्हें तारे नजर आते हैं
और फुटपाथों पर फरिश्तों के पंख रात भर
तुम पर छाँह किये रहते हैं
और हूरें हर लैम्पपोस्ट के नीचे खड़ी
मोटर वालों की ओर लपकती हैं
कि जन्नत तारी हो गयी है जमीं पर;
तुम्हें इस बुड्ढे के पीछे दौड़कर
भला और क्या हासिल होने वाला है ?


आखिर क्या दुश्मनी है तुम्हारी उन लोगों से
जो भलेमानुसों की तरह अपनी कुरसी पर चुपचाप
बैठे-बैठे मुल्क की भलाई के लिए
रात-रात जागते हैं;
और गाँव की नाली की मरम्मत के लिए
मास्को, न्यूयार्क, टोकियो, लन्दन की खाक
छानते फकीरों की तरह भटकते रहते हैं…

तोड़ दिये जाएँगे पैर
और फोड़ दी जाएँगी आँखें
अगर तुमने अपने पाँव चल कर
महल-सरा की चहारदीवारी फलाँग कर
अन्दर झाँकने की कोशिश की
 

क्या तुमने नहीं देखी वह लाठी
जिससे हमारे एक कद्दावर जवान ने इस निहत्थे
काँपते बुड्ढे को ढेर कर दिया ?
वह लाठी हमने समय मंजूषा के साथ
गहराइयों में गाड़ दी है
कि आने वाली नस्लें उसे देखें और
हमारी जवाँमर्दी की दाद दें

अब पूछो कहाँ है वह सच जो
इस बुड्ढे ने सड़कों पर बकना शुरू किया था ? 

हमने अपने रेडियो के स्वर ऊँचे करा दिये हैं
और कहा है कि जोर-जोर से फिल्मी गीत बजायें
ताकि थिरकती धुनों की दिलकश बलन्दी में
इस बुड्ढे की बकवास दब जाए
 

नासमझ बच्चों ने पटक दिये पोथियाँ और बस्ते
फेंक दी है खड़िया और स्लेट
इस नामाकूल जादूगर के पीछे चूहों की तरह
फदर-फदर भागते चले आ रहे हैं
और जिसका बच्चा परसों मारा गया
वह औरत आँचल परचम की तरह लहराती हुई
सड़क पर निकल आयी है।

ख़बरदार यह सारा मुल्क तुम्हारा है
पर जहाँ हो वहीं रहो
यह बगावत नहीं बर्दाश्त की जाएगी 
कि
तुम फासले तय करो और
मंजिल तक पहुँचो

इस बार रेलों के चक्के हम खुद जाम कर देंगे
नावें मँझधार में रोक दी जाएँगी
बैलगाड़ियाँ सड़क-किनारे नीमतले खड़ी कर दी जाएँगी
ट्रकों को नुक्कड़ से लौटा दिया जाएगा
सब अपनी-अपनी जगह ठप
क्योंकि याद रखो कि मुल्क को आगे बढ़ना है
और उसके लिए जरूरी है कि जो जहाँ है
वहीं ठप कर दिया जाए
 

बेताब मत हो
तुम्हें जलसा-जुलूस, हल्ला-गूल्ला, भीड़-भड़क्के का शौक है
बाश्शा को हमदर्दी है अपनी रियाया से
तुम्हारे इस शौक को पूरा करने के लिए
बाश्शा के खास हुक्म से
उसका अपना दरबार जुलूस की शक्ल में निकलेगा
दर्शन करो !
वही रेलगाड़ियाँ तुम्हें मुफ्त लाद कर लाएँगी
बैलगाड़ी वालों को दोहरी बख्शीश मिलेगी
ट्रकों को झण्डियों से सजाया जाएगा
नुक्कड़ नुक्कड़ पर प्याऊ बैठाया जाएगा
और जो पानी माँगेगा उसे इत्र-बसा शर्बत पेश किया जाएगा
लाखों की तादाद में शामिल हो उस जुलूस में 

और 
 सड़क पर पैर घिसते हुए चलो
ताकि वह खून जो इस बुड्ढे की वजह से बहा, 
वह पुँछ जाए

बाश्शा सलामत को खूनखराबा पसन्द नहीं

तुम्हारे कुर्तों की लकालकी कलफ़ से - संजीबा

तुम्हारे कुर्तों की लकालकी कलफ़ से
झुग्गी के बच्चों  की
आँखों की रोशनी चली गई ,
तुम्हारे भाषणों से
मेरी बस्ती के लोगों के
कान के परदे कनपटी पर
चू-कर इस कदर बहे
कि उनकी जिन्दगी
अपनी ही आवाज़
सुनने को तरस गई
और अंत में तुम्हारे जूतों
के वजन से
आम आदमी का पेट
पीठ से क्या मिला
बेचारों की जीभ तक निकल गई ,
अब तो हर आदमी
रोज सूरज निकलते वक्त
हाथ जोड़ कर अपनी मौत तक
सकुचाकर मांगता है-सिर्फ
ये सोचकर कि शायद
इसे भी तुम देने से
इंकार न कर डॉ कहीं

Thursday, September 4, 2014

दो रचनायें प्रो.शरद नारायण खरे की ............

फर्ज़
---
नेताजी
जनकल्याण
निभा
रहे हैं
जन
की गणना
में
सबसे पहले
ख़ुद को
पा
रहे हैं ।।



बहुत ख़ूब
-------
वे
ऊपरी कमाई
को
हाथ भी
नहीं
लगाते हैं
इसलिए
उनके मातहत
अटैची में
भरकर
लाते हैं ।।

Wednesday, September 3, 2014

मौन शब्द कागज़ पर उतरते ही बोलने लगते हैं - सुमित्रा पारीक

मौन शब्द कागज़ पर उतरते ही बोलने लगते हैं
चुप भी कब रहते जब भीतर रहते हैं
जितनी मन की रफ़्तार उतना ही
शब्दों का सफ़र तय है
एक तयशुदा काम कर के
संतुष्ट होना
कुछ नहीं कह के भी जीतना है खुद से
मेरे शब्द भी समझा नहीं पाते तुम्हें
और खोमोशियाँ भी
कमी मुझमें है या
इस खोखले होते जोड़ में
वो यकीन बेशक मुर्दा हो जाता है जब
जीवन की बांसुरी से
फूँक मारने पर भी सुर नहीं
सनसनाहट या सीटियाँ
सुनाई देती ....जो कानों को
खीचती है अन्दर की ओर
कि बस अब न सुनो !!
और न ही सुनाने का प्रयास करो
शायद कभी मौन के खाली
खेत में, शब्द अंकुरित हो
और खुशियों की फसल
लहलहाए .........

मैं सुख पर सुषमा पर रीझा , इसकी मुझको लाज नहीं है - हरिवंश राय बच्चन

मैं सुख पर सुषमा पर रीझा
इसकी मुझको लाज नहीं है

भीतर बहता गंगा जल हो
होंठ कहें पर पानी पानी

चलती-फलती है दुनिया में
बहुधा ऐसी बेईमानी

मेरे पूर्वज किन्तु
ह्रदय की सच्चाई पर मिटते आये

मधुबन भोगे मरू उपदेशे
मेरे वंश रिवाज नहीं है

मैं सुख पर सुषमा पर रीझा
इसकी मुझको लाज नहीं है


हिलाओ पूँछ तो करता है प्यार अमरीका । - जनकवि बल्ली सिंह चीमा

आज जनकवि बल्ली सिंह चीमा 62 साल के हो गए। उनको जन्मदिवस पर हार्दिक शुभकामनाएँ। प्रस्तुत है उनकी बेहद प्रसिद्ध कविता।

हिलाओ पूँछ तो करता है प्यार अमरीका ।
झुकाओ सिर को तो देगा उधार अमरीका ।

बड़ी हसीन हो बाज़ारियत को अपनाओ,
तुम्हारे हुस्न को देगा निखार अमरीका ।



बराबरी की या रोटी की बात मत करना,
समाजवाद से खाता है ख़ार अमरीका ।

आतंकवाद बताता है जनसंघर्षों को,
मुशर्रफ़ों से तो करता है प्यार अमरीका ।

ये लोकतंत्र बहाली तो इक तमाशा है,
बना हुआ है हक़ीक़त में ज़ार अमरीका ।

विरोधियों को तो लेता है आड़े हाथों वह,
पर मिट्ठूओं पे करे जाँ निसार अमरीका ।

प्रचण्ड क्रान्ति का योद्धा या उग्रवादी है,
सच्चाई क्या है करेगा विचार अमरीका ।

तेरे वुजूद से दुनिया को बहुत ख़तरा है,
यह बात बोल के करता है वार अमरीका ।

स्वाभिमान गँवाकर उदार हाथों से,
जो एक माँगो तो देता है चार अमरीका ।

हरेक देश को निर्देश रोज़ देता है,
ख़ुदा कहो या कहो थानेदार अमरीका ।

भीगी हुई आँखों का ये मन्ज़र न मिलेगा - बशीर बद्र

भीगी हुई आँखों का ये मन्ज़र न मिलेगा
घर छोड़ के मत जाओ कहीं घर न मिलेगा

फिर याद बहुत आयेगी ज़ुल्फ़ों की घनी शाम
जब धूप में साया कोई सर पर न मिलेगा

आँसू को कभी ओस का क़तरा न समझना
ऐसा तुम्हें चाहत का समुंदर न मिलेगा


इस ख़्वाब के माहौल में बे-ख़्वाब हैं आँखें
बाज़ार में ऐसा कोई ज़ेवर न मिलेगा


ये सोच लो अब आख़िरी साया है मुहब्बत
इस दर से उठोगे तो कोई दर न मिलेगा