Tuesday, December 13, 2022

चल पड़ा तो इक नदी के ढाल सा जीवन - अभिषेक औदिच्य

चल पड़ा तो इक नदी के ढाल सा जीवन.
रुक गया तो सिर्फ मैले ताल सा जीवन ..

साँस के चलते अनोखी दौड़ करते हम.
हाँ, स्वयं के बिम्ब से ही होड़ करते हम.
ट्रेडमिल पर एक झूठी चाल सा जीवन.
चल पड़ा तो इक नदी के ढाल सा जीवन..

आत्मा का, देह को क्षणभर निलय करना.
फिर जहाँ उद्गम वहीँ पर ही विलय करना.
थाह इसकी है नहीं, पातळ सा जीवन.
चल पड़ा तो इक नदी के ढाल सा जीवन.
रुक गया तो सिर्फ़ मैले ताल सा जीवन..

एक परिभाषा बताता है हमें विज्ञानं .
कोशिकाओं से बना तन ऊर्जा से प्राण.
मानवों का है कवक - शैवाल सा जीवन.
चल पड़ा तो इक नदी के ढाल सा जीवन..

लक्ष्य क्या है जन्म का? यह भेद तो खोलो.
है अगर मरना सभी को, क्यों जियें बोलो? 
प्रश्न यह कर्ता रहा बेताल सा जीवन.
चल पड़ा तो इक नदी के ढाल सा जीवन..

हम छिपें चाहे किसी कोने, किसी चप्पा.
मौत कर देगी अचानक एकदिन 'धप्पा'.
वृक्ष से अधजुड़ी इक डाल सा जीवन.
चल पड़ा तो इक नदी के ढाल सा जीवन.

Friday, October 28, 2022

हम निकल पाये न पिंजरे तोड़कर - विनोद श्रीवास्तव

 हम निकल पाये न पिंजरे तोड़कर  

बादलों ने फिर कहा 

आओ चलें घर छोड़कर

चाहकर भी हम 

निकल पाये न पिंजरे तोड़कर


आँख खुलते ही खड़ी मिलती 

हजारों ख्वाहिशें 

घेरकर रखतीं हमेशा प्रार्थनायें आयतें 



यों न आया जा रहा 

घर - द्वार से मुंह मोड़कर 

चाहकर भी हम 

निकल पाये न पिंजरे तोड़कर 


बालपन से आज तक

घुमड़ी घटा से प्यार है 

पर हमारे पास तो बस 

जेब है बाज़ार है 


फिर भला आ जायें कैसे 

सिर्फ खालें ओढ़कर

चाहकर भी हम 

निकल पाये न पिंजरे तोड़कर 


बादलों ! जो है तुम्हारे गाँव 

हम सब के बनें 

गर्जना हो बिजलियाँ हों

छतरियां जल की तनें


दौड़ आयेगा 

हिरन - मन मुग्ध सपने जोड़कर 

चाहकर भी हम 

निकल पाये न पिंजरे तोड़कर

Friday, May 22, 2020

आगे खुला सवेरा है - गीतकार प्रमोद तिवारी

सच है बहुत अँधेरा है
तूफानों ने घेरा है
बीच राह का डेरा
फिर भी साथी हिम्मत बांधो
आगे खुला सवेरा है

सीमाओं में बंधा-बंधा
जल का तेवर सधा-सधा
चाहे जितना तेज बहे
पर निर्झर सा कहाँ बजा
माना सागर ठहरा है
युगों-युगों से ठहरा है
सीमाओं का पहरा है
फिर भी साथी हिम्मत बांधो
आगे खुला सबेरा है 

अक्षुण सेना - अनिल सिन्दूर

मेरे पास नहीं है
कोई अक्षुण सेना
और, कोई धनुरधर पिता भी नहीं
फिर भी
मैं लडूंगा, करूँगा संघर्ष
उन असीमित मिले अधिकारों से
जो नहीं देते आज़ादी
बयां करने को अपना दुःख


Monday, April 13, 2020

किसी चीज की हद होती है - यश मालवीय

किसी चीज की हद होती है
जो तय हो उगते सूरज-सी
वही बात शायद होती है |

मुद्राएँ अंगारों-वाली करती दिखें चिरौरी
मानसून ने ठंडी कर दी धूप-सरीखी त्यौरी
जिसकी जड़ कांपती नहीं हो
वही शाख बरगद होती है |

भरी सुबह चेहरों पर मिलती शामों-वाली स्याही
जो   षड्यंत्रों  में   शामिल हैं  देते  वही  गवाही
सूक्ति रची जो सिंहासन ने
वही सूक्ति अनहद होती है |

लिए लाठियाँ कानूनों की हांक रहे बकरी
अपना बुना जाल है सारा कैसी अफरा-तफरी
जिन आँखों पर काले चश्मे
वही आँख संसद होती है |

अपनी परछाई पर शासन करने की बीमारी
छोटे से शीशे में उठती आदमक़द लाचारी
नींव कि जिसकी ईंट हिल रही
वही नींव गुम्बद होती है |  

Saturday, April 11, 2020

हिंसक - अनिल सिन्दूर

नाखून
हैं तो पोरों की
सुरक्षा को
लेकिन
गाहे-बगाहे
हम गड़ा ही देते हैं
उन्हें
और बन जाते हैं
हिंसक |

दुश्मन को मात देने की क़ुव्वत नहीं गई - प्रोफ़े. रामस्वरूप सिन्दूर

शिद्द्त के साथ जीने की, आदत नहीं गई |
क़िस्मत से मेरी खुल के, अदावत नहीं गई |

जाने को उसके साथ सभी कुछ चला गया
पर छोड़ मुझको तन्हा मुहब्बत नहीं गई |

जो कुछ भी कमाया था गँवाया है इश्क़ में
पर पाक - साफ़ रूह की लागत नहीं गई |

विष पी के जी रही है ज़िन्दगी लम्हा-लम्हा
ये  और-और  जीने की  हसरत  नहीं  गई |

हाथों  में  हथकड़ी  है  मेरे  पाँव में  बेड़ियाँ
ख्वावों में उससे मिलने की हसरत नहीं गई |

'सिन्दूर ' तेरे  दाँव  लगाने  के  दिन  गये
दुश्मन को मात देने की क़ुव्वत नहीं गई |