Tuesday, December 27, 2016

किसी चीज़ की हद होती है - यश मालवीय

किसी चीज़ की हद होती है
जो तय हो उगते सूरज-सी
वही बात 'शायद' होती है !

मुद्राएँ अंगारों-वाली करती दिखें चिरौरी
मानसून ने ठंडी कर दी धूप-सरीखी त्यौरी
जिसकी जड़ काँपती नहीं हो
वही शाख बरगद होती है !

भरी सुबह चेहरों पर मिलती शामों-वाली स्याही
जो षडयंत्रों में शामिल हैं देते वही गवाही
सूक्ति रची जो सिंहासन ने
वही सूक्ति अनहद होती है !

लिए लाठियाँ कानूनों की हांक रहे हैं बकरी
अपना बुना जाल है सारा कैसी अफ़रा-तफ़री
जिन आँखों पर काले चश्मे
वही आँख संसद होती है !

अपनी परछाईं पर शासन करने की बीमारी
छोटे से शीशे में उठती आदमक़द लाचारी
नींव कि जिसकी ईंट हिल रही
वही नींव गुम्बद होती है !

Thursday, December 22, 2016

वचन हारने लगो - प्रोफे. राम स्वरुप सिन्दूर

वचन हारने लगो.....................

वचन हारने लगो, याद जय के क्षण कर लेना !
सामने दर्पण धर लेना !

ताजमहल की सेजों पर हम-तुम थे शीश धरे,
और, दृगों में थे यमुना का निर्मल नीर भरे,
संकल्पों में बंधें याद वे बन्धन कर लेना !
सामने दर्पण धर लेना !


चिश्ती के मज़ार पर बांधे साथ-साथ धागे,
सदा साथ रहने-वाले दिन हाथ जोड़ माँगे,
किया हर्ष में दान, याद वह कंगन कर लेना !
सामने दर्पण धर लेना !

मन-कामेश्वर के मन्दिर में ज्योतित दीप किये,
मुखर व्रतों को दीप्त शिखाओं में आशीष दिये,
स्वप्न, सत्य-सा दिखा याद वह दर्शन कर लेना !

सामने दर्पण धर लेना !

सो न सका कल याद तुम्हारी आई सारी रात - रमा नाथ अवस्थी

सो न सका कल याद तुम्हारी आई सारी रात !
और पास ही बजी कहीं शहनाई सारी रात !

मेरे बहुत चाहने पर भी नींद न मुझ तक आई,
जहर-भरी जादूगरनी-सी मुझको लगी जुन्हाई,
मेरा मस्तक सहला कर बोली मुझसे पुरवाई,
दूर कहीं दो आँखें भर-भर आई सारी रात !
और पास ही बजी कहीं शहनाई सारी रात !


गगन बीच रुक तनिक चन्द्रमा लगा मुझे समझाने,
मनचाहा मन पा जाना है खेल नहीं दीवाने,
और उसी क्षण टूटा नभ से एक नक्षत्र अजाने,
देख जिसे मेरी तबियत घबराई सारी रात !
और पास ही बजी कहीं शहनाई सारी रात !

रात लगी कहने सो जाओ, देखो कोई सपना,
जग ने देखा है बहुतों का रोना और तड़पना,
वहाँ तुम्हारा क्या, कोई भी नहीं किसी का अपना,
समझ अकेला मौत मुझे ललचाई सारी रात !

और पास ही बजी कहीं शहनाई सारी रात !

मुझको तेरी तलाश है - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

मुझको तेरी तलाश है ,आवाज़ दे मुझे !
तू मेरे बहुत पास है , आवाज़ दे मुझे !!
मैं आइने में ख़ुद को जो देंखू तो तू दिखे ,
क्या खूब इल्तिबास है , आवाज़ दे मुझे !
हर सम्त बेपनाह शोरोशर है क्या हुआ ,
आवाज़ तेरी ख़ास है , आवाज़ दे मुझे !
कहते हैं लोग है ही नहीं तू वजूद में ,
तू है तो नाशनास है , आवाज़ दे मुझे !
मैं गुम हुआ हूँ संगतराशों की भीड़ में ,
कोई तो बुततराश है , आवाज़ दे मुझे !
मुझको तो रास आ गईं मेरी उदासियाँ ,
गर तू बहुत उदास है , आवाज़ दे मुझे !
उस वक़्त अंधेरों खो गयी थी हर सदा ,
ये लम्हा ज़ियापाश है , आवाज़ दे मुझे !
हर हाल में 'सिन्दूर' को इंसाफ दे सके ,
वो कौन सा इज्लास है , आवाज़ दे मुझे !


Tuesday, December 20, 2016

सब कुछ भूला ... - प्रोफे. रामस्वरूप सिन्दूर

सब कुछ भूला ...............................

सब कुछ भूला, किन्तु न भूले वे लोचन अभिराम !
तुम्हारे लोचन ललिल-ललाम !

चितवन में सपनों की छाया,
मृग-मरीचिकाओं की माया,
इन्द्रधनुष-धारे पलकों में छिपे रहें घनश्याम !
तुम्हारे लोचन ललिल-ललाम !


बात जो न अधरों तक आये,
दृष्टि सहज में ही कह जाये,
वे दृग, संकेतों से ले-लें कैसे-कैसे काम !
तुम्हारे लोचन ललिल-ललाम !

कब की उठी मधुर मधुशाला,
पर न अभी तक उतरी हाला,
कभी-कभी मैं हस्ताक्षर में, लिख जाऊँ खैयाम !
तुम्हारे लोचन ललिल-ललाम !

देख रहे हैं जो भी कृपाकर मत कहिये - रमा नाथ अवस्थी


देख रहे हैं जो भी कृपाकर मत कहिये !
मौसम ठीक नहीं आजकल चुप रहिये !

चारों ओर हमारे जितनी दूर तलक जीवन फैला है,
बाहर से जितना उजला वह, भीतर उतना ही मैला है;
मिलने-वालों से मिल कर तो, बढ़ जाती  है और उदासी,
हार गए ज़िन्दगी जहाँ हम पता चला वह बात जरा-सी;

मन कहता है दर्द कभी स्वाविकार न कर
मज़बूरी हर रोज़ कहे इस को सहिये !


कल कुछ देर किसी सूने में मैंने की ख़ुद से कुछ बातें,
लगा कि जैसे मुझे बुलायें बिन बाजों-वाली बारातें;
कोई नहीं मिला जो सुनता मुझ से मेरी हैरानी को,
देखा सब ने मुझे, न देखा मेरी आँखों के पानी को;

रोने लगी मुझी पर जब मेरी आँखें
हँस कर बोले लोग, मांग मत जो चहिये !

फुलवारी में फूलों से भी ज़्यादा साँपों के पहरे हैं,
रंगों के शौक़ीन आज भी जलते जंगल में ठहरे हैं;
जिन के लिए समंदर छोड़ा वे बादल भी काम न आये,
नयी सुबह का वादा कर के, लोग अंधेरों तक ले आये;

भूला यह भी दर्द, चलो कुछ और जियें

जाने कब रुक जांय ज़िन्दगी के पहिये !

Sunday, December 18, 2016

बादल भी है, बिजली भी है, पानी भी है सामने - रमा नाथ अवस्थी

बादल भी है, बिजली भी है, पानी भी है सामने
मेरी प्यास अभी तक वैसी, जैसी दी थी राम ने

प्यास मुझे ही क्या, यह जग में सबको भरमाती है
जिसमें जितना पानी, उसमें उतनी आग लगाती है
आग जलती ही है, चाहे भीतर हो या बाहर हो
चलने वाले से क्या कहिये, पानी हो या पाथर हो

छांव उसी की है, जिसको भी गले लगाया घाम ने
मेरी प्यास अभी तक वैसी, जैसी दी थी राम ने
मेरे चारों ओर लगा है , मेला चार दिशाओं का
जिसमें शोर बहुत है, कम है अर्थ ह्रदय के भाव का
मैं बिल्कुल वैसा ही हूँ, इस अंतहीन कोलाहल में
जैसी कोई आग ढूढती हो छाया दावानल में

मेरी जलन न जानी अब तक किसी सुबह या शाम ने
मेरी प्यास अभी तक वैसी, जैसी दी थी राम ने


घन से लेकर घूँघट तक के आंसू से परिचय मेरा
हर आंसू की आग अलग है, एक मगर जल का घेरा
कोई आंसू दिखलाता है, कोई इसे छिपाता है

कोई मेरी तरह अश्रु को गाकर जी बहलाता है