Friday, April 4, 2014

जिसे जो चाहिए उसको वही नसीब नहीं - ओम प्रकाश नदीम

जिसे जो चाहिए उसको वही नसीब नहीं
मगर ये बात यहाँ के लिए अजीब नहीं

हवाएँ आग बुझाने की बात करने लगीं
कहीं चुनाव का माहौल तो क़रीब नहीं


ज़मीन-ए-ज़र से ही इफ़लास जन्म लेता है
जहाँ अमीर नहीं हैं वहाँ ग़रीब नहीं

कोई बताये कि आख़िर मरीज़ जाएँ कहाँ
कहीं दवाएँ नहीं हैं कहीं तबीब नहीं

हमें भी अपने लिए मार्केट बनाना है
दुकानदार हैं हम सब कोई अदीब नहीं


तबीब --डॉक्टर , अदीब ---साहित्यकार

Thursday, April 3, 2014

रात बीत जाये सपनों में ,दिन काटे न कटे - प्रोफे. राम स्वरूप 'सिन्दूर'

रात बीत जाये सपनों में
दिन काटे न कटे
सब कुछ घट जाता है
लेकिन जो चाहूँ न घटे !

दिहरी मुझको, मैं दिहरी को
जैसे भूल गया हूँ
आसपास के लिए अजाना
मैं हो गया नया हूँ
दूरी की खाई गहरी है
कोशिश से न पटे !

अब भविष्यफल पूछूँ-देखूं
यह उत्साह नहीं है
छलनी-छलनी वसन, किसी की
कुछ परवाह नहीं है
आंधी चली, चिथड़ों-जैसे
कपड़े और फटे !

मन की दशा कि जैसे पल-पल
अतल-वितल होती है
श्वास-श्वास बरसात सावनी से
आँखे धोती है
बौराये आमों के नीचे
बिसरे गीत रटे !

मुझ पर गाली याकि दुआ का
असर नहीं होता है
अंध गुफा में बैठ कौन है
जो कि नहीं रोता है
मेरे प्राणों में क्या जाने
कितने गीत अटे !

सहज भाव से अब मैं कुछ भी
सहने का आदी हूँ
कोई मुझको कह देता है
पागल-उन्मादी हूँ
जीवन के पट खुले, मृत्यु का
बोझिल भार हटे !

Wednesday, April 2, 2014

परिणति फिर चाहे जैसी हो, अपना काम करो - कृष्ण मुरारी पहरिया

परिणति फिर चाहे जैसी हो, अपना काम करो
एक बार संकल्प लिया जो, उसके लिए मरो

इस अंधियारे देश काल से कैसी आशा रे
अंधे बेईमान धरम की क्या परिभाषा रे
मुक्ति खोजते हैं सब अपनी-अपनी अंध गली
आत्मतुष्ट की छाती दलता कोई महाबली

अन्यायी के लिए ह्रदय में, निर्मम रोष भरो

धवल अहिंसा के उपदेशों त्राण नहीं होगा
घुटी हुई सांसों से पोषित प्राण नहीं होगा
अपने मन की बात खोलकर कहनी ही होगी
दावानल की आंच सभी को सहनी ही होगी

कल का क्या विश्वास, समय से जूझो अभी झरो

Tuesday, April 1, 2014

जैसे कभी पिता चलते थे, वैसे ही अब मैं चलता हूँ ! - रचनाभिमुख कवि भारत भूषण

जैसे कभी पिता चलते थे,
वैसे ही अब मैं चलता हूँ !

भरी सड़क पर बायें-बायें
बचता-बचता डरा-डरा-सा,
पौन सदी कन्धों पर लादे
भीतर-बाहर भरा-भरा सा,

जल कर सारी रात थका जो
अब उस दीये-सा मैं जलता हूँ !


प्रभु की कृपा नहीं कम है ये
पौत्रों को टकसाल हुआ हूँ,
कुछ प्यारे भावुक मित्रों के
माथे लगा गुलाल हुआ हूँ ,

'मिलनयामिनी' इस पीढ़ी-को
सौंप स्वमं बस वत्सलता हूँ !

कभी दुआ-सा कभी दवा-सा
कभी हवा-सा समय बिताया,
संत-असंत रहे सब अपने
केवल पैसा रहा पराया,

घुने हुये सपनों के दाने,
गर्म आंसुओं में तलता हूँ !!

Monday, March 31, 2014

मेरा नन्हा-सा बच्चा अब काफी बडा हो गया है - शालिनी खन्ना

मेरा नन्हा-सा बच्चा
अब काफी बडा हो गया है
जो दूकानों ,मॉलों मे जाकर भी
पैर पटकने लगता था बार-बार
पूरा करने को अपने शौक व अरमान
सबकी चुभती नज़रों से होकर अनजान
अब हमारी ज़रा-सी तेज़ आवाज़ पर
देखा करता है आंखें तरेर कर
घर आकर पुन: है डांटता
और सहम सी जाती हूं मैं
यूं लगता है जैसे अभिभावक बन
हमारे सामने खडा हो गया है


मेरा नन्हा-सा बच्चा
अब काफी बडा हो गया है......
जो अक्सर कहा करता था
कपडों मे क्यों पैसे बर्बाद करना
अब अक्सर हर कुछ अच्छे ब्रांड के
उसके लिये खरीदने है पडते
जूते ,चश्मे की बात तो छोडिये
अब हेयर-जेल और परफ्यूम के खर्चे भी
उसे कभी नागवार नही लगते
जिसे चौबीस घण्टों मे एक बार भी आइने मे
चेहरा निहारने की सुध नही रहती थी
देखो... वह घण्टे भर मे चौबीसवें बार
आइने के सामने खडा हो गया है....
क्योंकि मेरा नन्हा-सा बच्चा
अब काफी बडा हो गया है...
जो अपनी हर ज़िद्द पूरी करवाता था
रो-धोकर ,लोट-लोटकर
अब प्यार से लिपटकर ,फुसलाकर
गलबहियां डाल सारी बात मनवाता है
हर वक़्त जो पालन करता था
मेरे बनाये कार्यक्रम और दिनचर्या का
हर कहना जो माना करता था
सुबह ,दोपहर ,सन्ध्या का
उसके कानो मे जूं नही रेंगती ,
अब वह चिकना घडा हो गया है
सच....मेरा नन्हा-सा बच्चा
अब काफी बडा हो गया है...

Sunday, March 30, 2014

जो जीवन की धूल चाट कर बड़ा हुआ है - केदारनाथ अग्रवाल

" जो जीवन की धूल चाट कर बड़ा हुआ है
तूफ़ानों से लड़ा और फिर खड़ा हुआ है
जिसने सोने को खोदा लोहा मोड़ा है
जो रवि के रथ का घोड़ा है
वह जन मारे नहीं मरेगा
नहीं मरेगा

जो जीवन की आग जला कर आग बना है
फौलादी पंजे फैलाए नाग बना है
जिसने शोषण को तोड़ा शासन मोड़ा है
जो युग के रथ का घोड़ा है
वह जन मारे नहीं मरेगा
नहीं मरेगा..."

याद आया ये आज कौन इतनी रात ढले ! - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

याद आया ये आज कौन इतनी रात ढले !
सूने  कमरे में  जैसे  कोई दबे  पाँव चले !

पहली बारिश  भी कहाँ  दे गई  पनाह मुझे,
स्याह अलकों में छिपी घोर घटाओं के तले !

दर्द  सहने की  महारत-सी  हो  गई  है  मुझे,
बर्फ़ के दिल पे रखी आग कितनी देर जले !

पानी-पानी  है  रात, पास  मैकदा भी  नहीं,
याद तो  उसकी  हाथ  धो-के पड़ी  मेरे गले !

नफ़स-नफ़स मेरी हर लम्हा गुनगुनाती रहे,
ज़िंदगी  और  छले,  और  छले,  और  छले !

ख़बर   कहाँ   है   'सिन्दूर'   ज़िंदगी  को अभी,
मैं  उसके  साथ  चलूँ ,  मौत  मेरे साथ  चले !