Wednesday, April 9, 2014

जिस तरफ़ कोई न जाता हो, उधर जाने दे ! प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

जिस तरफ़ कोई न जाता हो, उधर जाने दे !
जीत का बोझ मेरे सर से, उतर जाने दे !!

ऐ ! मेरे इश्क़ तुझ से इल्तिजा, है ये मेरी,
एक मुद्द्त से छिपे राज़ को, मर जाने दे !

मैंने हर सम्त अपने गहरे निशां छोड़ दिये,
मेरी परवाज़ मुझे ख़ुद में ठहर जाने दे !

मैंने सोचा न कभी, मुझ को संवारे कोई,
आख़िरी वक़्त वो चाहे, तो संवर जाने दे !

हो के आया मैं इधर जिन तवील राहों से,
लौट कर फिर उन्हीं, राहों से गुज़र जाने दे !

आज 'सिन्दूर' अपना दर्द छिपाते न बने,
कुछ तो बिखरा हूँ, अभी और बिखर जाने दे !

कौन आया है तेरे गाँव, बिना आहट के - डॉ. रेनू चंद्रा

बाढ़ आई थी इसी ठाँव बिना आहट के
बह गया मेरा बसा गाँव बिना आहट के

कैसा मेहमान है ये दर्द कि बस आ पहुँचा
भोर होते ही बिना कांव, बिना आहट के

जल गया रेशमी ख़्वाबों से बुना चंदोबा
हट गई सर से मेरे छांव, बिना आहट के

कैसा बंधन मेरे दिल ने ये लगाया मुझ पर
थम गए बढ़ते हुए पाँव, बिना आहट के

उम्र के दश्त में भटकाव से लड़ते-लड़ते
ज़िन्दगी हार गई दाँव, बिना आहट के

'रेनू' सांकल तो निराशा की ज़रा खोलके देख
कौन आया है तेरे गाँव, बिना आहट के

Monday, April 7, 2014

अवज्ञा अमरजीत गुप्ता की एक रचना व्यवस्था पर


किराड़ी विधान सभा क्षेत्र के नाम--

एक नेता जिसने की गुंदागर्दी खुलेआम/
पीटा जन को सरेआम/
चटाया थूक.. पिलाया मूत भी./
और दे दिया सड़कोँ को अपने बाप का नाम../

और उसके बाद भी बना रहा.. वो आपका अपना नेता/
देकर अपनी मूँछ पर ताव/
किया खारिज़ तुमने हर बदलाव/

सुनो

नजदीक के सरकारी स्कूल मेँ पहुँचो../
जहाँ एक कमरे मेँ ठूँस दिये जाते है 150 बच्चे/
और नहीँ है पिछले पाँच सालोँ से पीने का पानी /
जबकि मुख्य अतिथि होता है तुम्हारा यही नेता/हर साल..हर बार/
वहीँ.. हाँ वहीँ
खुले मेँ शौच को मजबूर है तुम्हारी अपनी ही बेटियाँ/



अब.. जब कोई छोटा बच्चा..
थामे तुम्हारी ऊंगली/
इसी सहजता से.. झांकना उसकी आँखोँ मेँ/
और कह देना
नेता तुम्हारी जाति का है.
इसलिये तुमने/
उनका भविष्य बेच डाला!

तुम्हारी इस बाभनवादी मानसिकता पर थू..
तुम्हारे इस जातीय अहंकार पर थू
तुम्हारी रूढिवादी जड़ता
तुम्हारी सोच तुम्हारे संकीर्ण विचार पर थू..

सोनाली बोस की एक रचना

सुनो,
तुम्हेँ खोकर ही
मैँने पूरा पाया है.
अब ना तुम्हेँ पाने की कोशिश
ना ही है खोने का ख़ौफ़...
भूल चुकी हूँ माज़ी
नज़र मेँ संजोया है
सुनहरा कल....


अकेली हूँ,
लेकिन नहीँ तन्हा
हमसफर बनाया है
स्वाभिमान को,
निज सम्मान को...
पाना है संसार,
थामना है इस मुट्ठी मेँ
अपने हिस्से का पूरा आसमान�।

शशांक सुरेन्द्र बदकुल की एक ग़ज़ल

ख्वाब आता है तो पलकों पे ठहर जाता है
आँख खुलते ही हवाओं में बिखर जाता है

आदमी सीख ले फूलों से ही जीने का हुनर
खार के बीच में रह के जो संवर जाता है

खुदको औरो की नज़र में तू तमाशा न बना
वक्त कितना भी बुरा हो तो गुजर जाता है

तेरी जुल्फों की घनी छाओ में मिलता है सुकू
जो भी आता है तो पल भर को ठहर जाता है

ऐ खुदा तू ही बता किस पे भरोसा कर लूँ
वादा करके यहाँ हर शख्स मुकर जाता है

करतल चूमे संन्यास -प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

झंकृत धरती आकाश,
प्राण के तार छू दिये प्राणों ने !

अनुगुंजित अन्तर की घाटी,
नर्तित चलती-फिरती माटी;
बाँसुरी बनी नि:श्वास,
प्राण के तार छू दिये प्राणों ने !

जैसे हो वंदन की वेला,
अर्चन-अभिनन्दन की वेला;
मुखरित निर्जन-अधिवास,
प्राण के तार छू दिये प्राणों ने !

सुधियों ने अवगुण्ठन खोले,
किसलय-दल-सा संयम डोले;
करुणा-विगलित उल्लास,
प्राण के तार छू दिये प्राणों ने !

युग से सूखे दृग, तरल हुए,
पहले-जैसे ही सरल हुए;
करतल चूमे संन्यास,
प्राण के तार छू दिये प्राणों ने !

अक्षर-अक्षर मेघ उभरते - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'


तू न सही, तेरे पत्रों से ही बातें होती हैं !
चंदा-वाले दिन, सूरज-वाली रातें होती हैं !

चित्रांकित सम्बोधन अनपढ़-सपने पढ़ लेते हैं,
प्राकृत आलेखों को आँसू अर्थ नए देते हैं,
सुधियाँ कैसी भी हों, मादक सौगातें होती हैं !



अक्षर-अक्षर मेघ उभरते, नीर बरस जाता है,
इन्द्रधनुष का शब्द-भेद शर कल्प-छन्द गाता है,
यौवन अक्षत कर दें, ऐसी भी घांतें होती हैं !

मैं तेरी करुणा को, अपनी धुन में लेता हूँ,
अपने विगत रूप का अब मैं, केवल अभिनेता हूँ,
जमुना-जल पर, गंगा-जल की बरसातें होती हैं