Sunday, April 20, 2014

इसीलिये शापित है मेरा अस्तित्व यहाँ - बालस्वरूप 'राही'

इसीलिये शापित है मेरा अस्तित्व यहाँ
मिले-जुले चेहरों की भीड़ से अलग हूँ मैं !

उकतायी शामों के हाथों में
फूलों के दीपक है बुझे-बुझे ,
नहीं , नहीं , अपने ही कमरे की
 खुशबू में जाने दे लौट मुझे ,

दरपनी अकेलेपन ! मैं उझ में झाकूँगा
धुंधलाये शहरों की भीड़ से अलग हूँ मैं !

जीवन-भर लीक-लीक चलने से
अच्छा है कहीं बंद हो जाना ,
छंदों के साँचे में ढलने से
बेहतर है , मुक्तछन्द हो जाना ,

हाँ , मैं अपने ही भीतर डूब गया हूँ गहरा
तटवर्ती लहरों की भीड़ से अलग हूँ मैं !

सम्भव है कोई अनसही व्यथा
दे जाये फिर मुझ को जन्म नया ,
सूर्यमुखी अहम् बहुत काफ़ी है
रहने दो निशिगंधा आत्म-दया ,

कोई अनुभूति वायरल मुझ को फिर सिरजेगी
एकरूप प्रहरों की भीड़ से अलग हूँ मैं !  

मेरे हुजरे में नहीं , और कहीं पर रख दो, आसमां लाये हो ले आओ , जमीं पर रख दो ! - राहत इन्दौरी

मेरे हुजरे में नहीं , और कहीं पर रख दो,
आसमां लाये हो ले आओ , जमीं पर रख दो !
अब कहाँ ढूड़ने जाओगे , हमारे कातिल ,
आप तो क़त्ल का इल्जाम , हमी पर रख दो !

उसने जिस ताक पर , कुछ टूटे दिये रखे हैं ,
चाँद तारों को ले जाकर , वहीँ पर रख दो !
दो गज ही सही मगर ये मेरी मिल्कियत तो है,
ऐ मौत तूने मुझको ज़मींदार कर दिया !

नयी हवाओं को  सौहबत बिगाड़ देती है,
कबूतरों को खुली छत बिगाड़ देती है !
वो जो जुर्म करते हैं इतने बुरे नहीं होते,
सज़ा न देकर अदालत बिगाड़ देती है !

मिलाना चाहा है जब भी इंसा को इंसा से
तो सारे काम सियासत बिगाड़ देती है !
सियासत में जरुरी है रवादारी समझता है ,
वो रोज़ा तो नहीं रखता मगर इफ्तारी समझता है !

अन्दर का ज़हर चूम लिया धुल के आ गये ,
जितने शरीफ़ लोग थे सब खुलके आ गये !
सूरज से जंग जीतने निकले थे बेवकूफ ,
सारे सिपाही मोम के थे सब घुल के आ गये !!


Saturday, April 19, 2014

चेहरा एक , मुखौटे अनगिन इतने सभ्य हुये , - श्याम निर्मम

चेहरा एक , मुखौटे अनगिन
इतने सभ्य हुये ,
भीतर-भीतर बड़े घिनौने
बाहर भव्य हुये !

सांप नहीं पर ये साँपों से भी
हैं ज़्यादा जहरीले ,
है किस में इतनी मजाल जो

इनके डसे हुये को कीले ,
यों तो , इनकी कई जातियां
यही अलभ्य हुये !

पानीदार कहेंगे ख़ुद को
पर आँखों का पानी सूखा ,
छोड़ शराफ़त सभी डकारें

फिर भी पेट दिखायें भूखा ,
रीती गगरी में , जो छलके
ऐसे द्रव्य हुये !

अक्खडपन , फक्कडपन इनका
मूक बने सब नखरे सहते
ये तो हैं देवता सरीखे

हम मनुष्य कैसे संग रहते ,
दर्द आधुनिक , कथा वही पर
ये ही दिव्य हुये !

बड़े दिखेगें सीधे-सादे
पर बिल में भी चलते टेढ़े ,
राग अलापेंगे भैरव में
वार बड़े पर मोहक छेड़े ,
इन का बड़ा , हुआ है धोखा
सभी असभ्य हुये !


ऐसी गाँठ बंधी अंतस में , चाहा भी तो खोल न पाया ! - अमर नाथ श्रीवास्तव

ऐसी गाँठ बंधी अंतस में  ,
चाहा भी तो खोल न पाया !
कभी समय पर सोच न पाया
कभी समय पर बोल न पाया !

भीतर-भीतर फाँस समेटे
बाहर-बाहर हँसी तुम्हारी ,
तुम से मिलना , उत्सव ऐसा
रातें रूठी पलकें भारी ,

मिला मुझे आकाश नमन का
मैं अपने पर तोल न पाया !

वे परम्परा के आभूषण
भार हो गए रिश्ते-नाते
धारण करते जी डरता था
खोने का भय , आते-जाते ,

फूलों के ज़ेवर जो सोचे
बाज़ारों में मोल न पाया !

बार-बार शब्दों का चुनना
बार-बार उनमें संशोधन ,
दो होठों के बीच रह गये

फागुन की आहट आयी भी
टेसू के रंग घोल न पाया !

बंद होंठों में छुपा लो ........... - डॉ. कुंअर बेचैन

बंद होंठों में छुपा लो
ये हँसी के फूल
वर्ना रो पड़ोगे।
हैं हवा के पास
अनगिन आरियाँ
कटखने तूफान की
तैयारियाँ
कर न देना आँधियों को
रोकने की भूल
वर्ना रो पड़ोगे।
हर नदी पर
अब प्रलय के खेल हैं
हर लहर के ढंग भी
बेमेल हैं
फेंक मत देना नदी पर
निज व्यथा की धूल
वर्ना रो पड़ोगे।
बंद होंठों में छुपा लो
ये हँसी के फूल
वर्ना रो पड़ोगे।

बहुत दिनों के बाद खिड़कियाँ खोली हैं - डॉ. कुंअर बेचैन

बहुत दिनों के बाद खिड़कियाँ खोली हैं
ओ वासंती पवन ! हमारे घर आना !

जड़े हुये थे ताले सारे कमरों में ,
धूल-भरे थे आले सारे कमरों में ,
उलझन और तनावों के रेशे वाले
पुरे हुये थे जाले सरे कमरों में

बहुत दिनों के बाद सांकलें डोली हैं ,
ओ वासंती पवन हमारे घर आना !


एक थकन-सी थी नाव भाव-तरंगों में ,
मौन उदासी थी वाचाल उमंगों में ,
लेकिन आज समर्पण की भाषा बोले
मोहक-मोहक प्यारे-प्यारे रंगों में

बहुत दिनों बाद खुशबुएँ घोली हैं ,
ओ वासंती पवन ! हमारे घर आना !

पतझर ही पतझर था मन के मधुवन में ,
गहरा सन्नाटा-सा था अंतर्मन में ,
लेकिन अब गीतों की स्वच्छ मुंडेरी पर
चिंतन की छत पर , भावों के आँगन में

बहुत दिनों के बाद चिरिइयां बोली हैं
ओ वासंती पवन ! हमारे घर आना !


Friday, April 18, 2014

मैं परिंदों की हिम्मत पे हैरान हूँ, - अशोक रावत

डर मुझे भी लगा फ़ासला देखकर,
पर में बढ़ता गया रास्ता देखकर.

ख़ुद ब ख़ुद मेरे नज़दीक आती गई,
मेरी मंज़िल मेरा हौसला देखकर.

मैं परिंदों की हिम्मत पे हैरान हूँ,
एक पिंजरे को उड़ता हुआ देखकर.

खुश नहीं हैं अॅधेरे मेरे सोच में,
एक दीपक को जलता हुआ देखकर.

डर सा लगने लगा है मुझे आजकल,
अपनी बस्ती की आबो- हवा देखकर.

किसको फ़ुर्सत है मेरी कहानी सुने,
लौट जाते हैं सब आगरा देखकर.