Friday, May 16, 2014

लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती - हरिबंश राय बच्चन

लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।

नन्हीं चींटी जब दाना लेकर चलती है,
चढ़ती दीवारों पर, सौ बार फिसलती है।


मन का विश्वास रगों में साहस भरता है,
चढ़कर गिरना, गिरकर चढ़ना न अखरता है।


आख़िर उसकी मेहनत बेकार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।


डुबकियां सिंधु में गोताखोर लगाता है,
जा जा कर खाली हाथ लौटकर आता है।

मिलते नहीं सहज ही मोती गहरे पानी में,
बढ़ता दुगना उत्साह इसी हैरानी में।

मुट्ठी उसकी खाली हर बार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।

असफलता एक चुनौती है, इसे स्वीकार करो,
क्या कमी रह गई, देखो और सुधार करो।

जब तक न सफल हो, नींद चैन को त्यागो तुम,
संघर्ष का मैदान छोड़ कर मत भागो तुम।

कुछ किये बिना ही जय जय कार नहीं होती,
कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती।

समय की शिला पर मधुर चित्र कितने - शम्भु नाथ सिंह

समय की शिला पर मधुर चित्र कितने
किसी ने बनाये , किसी ने मिटाये !

किसी ने लिखी आंसुओं से कहानी ,
किसी ने पढ़ा किन्तु दो बूंद पानी ,
इसी में गये बीत दिन ज़िन्दगी के
गयी घुल जवानी , गयी मिट निशानी
विकल सिन्धु से साथ के मेघ कितने
धरा ने उठाये , गगन ने गिराये !

शलभ ने शलभ को सदा ध्येय माना
किसी को लगा यह मरण का बहाना ,
शलभ जल न पाया , शलभ मिट न पाया
तिमिर में उसे पर मिला क्या ठिकाना ?
प्रणय-पंथ पर प्राण के दीप कितने
मिलन ने जलाये , विरह ने बुझाये !

भटकती हुई राह में वंचना की ,
रुकी शांत हो जब लहर चेतना की ,
तिमिर-आवरण ज्योति का वर बना जब
कि टूटी तभी श्रंखला साधना की ,
नयन-प्राण में रूप के स्वप्न कितने
निशा ने सुलाये , उषा ने जगाये !

सुरभि की अनिल-पंख पर मौन भाषा ,
उड़ी वंदना की जगी सुप्त आशा ,
तुहिन-बिंदु बन कर , बिखर पर गये  स्वर
नहीं बुझ सकी , अर्चना की पिपासा ,
किसी के चरण पर वरन फूल कितने
लता ने चढ़ाये , लहर ने बहाये !


Thursday, May 15, 2014

आओ लौट चलें अब ख़त्म हो गया दिल का मेला ! - रामेश्वर शुक्ल 'अंचल'

आओ लौट चलें
अब ख़त्म हो गया दिल का मेला !

शेष बचा है केवल जाने-वालों का कोलाहल ,
उगती पीताभा की किरणों का सूनापन अविरल ,
उखड़ चुकी शिवरों की पाँतें , बढ़ी सभी दुकानें
घिरे-घिरे-से स्तब्ध रुलायीके मटियारे बादल ,
चला जा रहा भीत प्रभासी
पश्चिम पवन अकेला !

विगत हुई कल-कंठों के मधुरिम गीतों की सिहरन ,
यूथ-नृत्य क्रीड़ा का चंचल उल्लासी पागलपन ,
ढूढ़ रहे तुम जिज्ञासातुर क्या अब अंत समय में
ध्वनित हो रहा दिगदिगंत में जब केवल उजड़ापन ,
दो धारों में बंधी रेत-सी
यह अवसादी वेला !

अरे ! कहाँ तुम चले गये हो उखड़े ख़ेमे-वालो ,
हम चलते हैं साथ तुम्हारे , ठहरो ! हमें मिला लो ,
सिमटी-ठिठुरी हाट-बाट का होना है जो होगा
रोके रहना नाव , रुको ओ सभी लौटने-वालो !
सदानीर कर्मों की सरिता में
किस की-अवहेलना ?

यह मधुर मधुवंत वेला मन नहीं अब है अकेला , - वीरेन्द्र मिश्र

यह मधुर मधुवंत वेला
मन नहीं अब है अकेला ,
स्वप्न का संगीत ,
कंगन की तरह खनका !

साँझ रंगारंग है यें ,
मुस्कराता अंग है ये ,
बिन बुलाये आ गया
मेहमान यौवन का !

प्यार कहता है डगर में ,
बह नहीं जाना लहर में ,
रूप कहता झूम जा ,
त्यौहार है तन का !

घट छलक कर डोलता है ,
प्यास के पट खोलता है ,
टूट कर बन जय निर्झर ,
प्राण पहन का !

टूटे आस्तीन के बटन , या कुर्ते की खुले सियन , - उमाकांत मालवीय

टूटे आस्तीन के बटन ,
या कुर्ते की खुले सियन ,
कदम-कदम पर मौके याद तुम्हें करने के
आठ पहर
एक यही काम रहा ले-दे-के !

फूल नहीं बदले गुलदस्तों के
धूल मेज़पोश पर जमी हुई ,
जहाँ-तहां पड़ी दस किताबों पर
घनी-सी उदासियों थमी हुई ;

पोर-पोर टूटता बदन ,
कुछ कहने-सुनने का मन ,
कदम-कदम पर मौके याद  तुम्हें करने के
आठ पहर
एक यही काम रहा ले-दे-के !

अरसे से बदला रुमाल नहीं
चाभी क्या जाने रख दी  कहाँ ,
दरपन पर सिन्दूरी छींट नहीं
चीज नहीं मिलती रख दी जहाँ ;

चौके की धुआंती घुटन ,
सुग्गे की सुमिरिनी रटन ,
कदम-कदम पर मौके याद तुम्हें करने के
आठ पहर
एक यही काम रहा ले-दे-के !




Tuesday, May 13, 2014

मन तुम घर से बाहर निकलो - कृष्ण मुरारी पहारिया

मन तुम घर से बाहर निकलो
अरे कभी तो किसी नज़र के
कोमल भावों बिक लो

ऐसे बने घमंडी बैठे
जैसे महापुरुष हो
या फिर स्रष्टा चित्रकार के
कर में गहे बुरुश हो
तुम ही इसे चलाते
सारे भगत जगत के , केवल
कीर्ति तुम्हारी गाते

अरे कभी तो रूप-धूप की
किरणों में भी सिक लो

लच्छन ठीक तुम्हारे ऐसे
जैसे मिली महंती
या फिर हुये छोड़ कर सब कुछ
पूरे कबिरापंथी
सूरत-शक्ल बनाये जैसे चढ़ी हुई मनहूसी
दाना-पानी छूट गया हो
सिर्फ खा रहे भूसी


अरे कभी दुनियादारी की
लहरों पर भी फिक लो

वह नहीं , कि मैं जो बाहर हूँ , वह नहीं , कि मैं जो भीतर हूँ , - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

वह नहीं , कि मैं जो बाहर हूँ ,
वह नहीं , कि मैं जो भीतर हूँ ,
फिर क्या हूँ मैं , इस का कोई संज्ञान नहीं !
कल्पना नहीं , अनुमान नहीं !

शून्य में एक अनुगुन्जन-सा रहता हूँ मैं ,
सूरज में मानसरोवर-सा बहता हूँ मैं ;
अक्षत यौवन , मन्वन्तर हूँ ;
संसृति में मुझ-जैसा कोई गतिमान नहीं !
मेरा , कोई प्रतिमान नहीं !

सरसिज में बंदी , एक स्वप्न जीता हूँ मैं ,
अश्रु से उतारी-गयी सुरा पीता हूँ मैं ;
मैं एक लहर का , सागर हूँ ,
शिखरों पर घाटी का स्वर हूँ ;
मुझ पर चल पाता विधि का एक विधान नहीं !
मैं , मात्र एक म्रियमाण नहीं !

भोग से , योग में गए मिलन का क्षण हूँ मैं,
मधु से , माधव हो गए सृजन का क्षण हूँ मैं ;
मैं क्षर से जन्मा , अक्षर हूँ ,
कल्पान्त-मुक्त कालान्तर हूँ ;
मेरे पथ में , इति का कोई व्यवधान नहीं !
मैं , जीवन हूँ , निर्वाण नहीं !