Tuesday, January 6, 2015

तोड़ तन से मोह ........ प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’



तोड़ तन से मोह

तोड़ तन से मोह, मंदिर से लगाया,
बोझ रज का फेंक, प्रस्तर का उठाया,
भर लिया है अंक में अब कल्पना को !
हो गया क्या आज मेरी चेतना को !

प्राण का स्नेहिल दिया, धृत का बनाया,
मूर्ति के निर्जीव चरणों पर चढ़ाया,
दोष देना व्यर्थ है, मृदु वेदना को !
हो गया क्या आज मेरी चेतना को !

सांस का हर तार वीणा हो गया है,
राग जिस पर डोलता बिल्कुल नया है,
मोह लेगा जो प्रणय की अर्चना को !
हो गया क्या आज मेरी चेतना को !

कान्ति भर दे जो सहज अंत:करण में,
सत्य को जो डाल दे ला-कर शरण में,
सिर झुका सौ-बार ऐसी वंचना को !
हो गया क्या आज मेरी चेतना को !

प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

मुझको अहसास की चोटी.....................प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’



मुझको अहसास की चोटी से उतारे कोई !
मेरी  आवाज़  में  मुझको  पुकारे कोई !

जिन्दगी दर्द सही, प्यार के काबिल न सही,
मेरे  रंगों  में  मेरा   रूप  संवारे  कोई !

जीती बाज़ी को हर के-भी मैं उदास नहीं,
मेरी  हारी हुई  बाज़ी से  भी हारे कोई !


राख कर डाली किसी नूर ने हस्ती मेरी,
राख मल-मल के मेरी रूह निखारे कोई !

तू नहीं, चाँद नहीं और सितारे भी नहीं,
किस तरह से य’ सियह रात गुजारे कोई !

चोट पर चोट से सियाह हुआ हर पहलू,
दम निकलता है अगर फूल भी मारे कोई !

बाँसुरी-जैसी  बजे  घाटियों  की  तनहाई,
किस क़दर प्यार से ‘सिन्दूर’ पुकारे कोई !

प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’


ऐसा क्यों होता है .................................... प्रोफे. रामस्वरुप ‘सिन्दूर’


ऐसा क्यों होता है

‘पिक्चर’ देख रहा होता हूँ
तो रो पड़ता हूँ !
ऐसा क्यों होता है
मैं ऐसा क्यों करता हूँ ?

बच्चों को अच्छी लगती है
मेरी नादानी,
इन्द्रधनुष रच देता
मेरी आँखों का पानी,
ख़ुद को भी सुन पड़े न
ऐसी आहें भरता हूँ !

बंद दृगों में
‘सीन’ फिल्म के चलने लगते हैं,
अन्ध गुफाओं में
जुगनू-से जलने लगते हैं,
आखेटी सपनों से
मृग-शावक-सा डरता हूँ !

देख न पाया पूरी ‘मूवी’
अब तक मैं कोई,
धूमिल होने लगी दृष्टि
तो लहरों में धोयी,
मझधारों की पतवारों से
पार उतरता हूँ !



Sunday, January 4, 2015

भीतर पूरा कवि हूँ....................... प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’


मैं अकथ्य को कहने का अभ्यास कर रहा हूँ !
नये ‘कोर्स’ की कठिन परीक्षा पास कर रहा हूँ !

हूक उठे मन में तो उस पर काबू पा लेता,
यादें तंग करें तो आँखों को रिसने देता,
लोगों से मिलता हूँ मस्ती की मुद्राओं में
भीतर पूरा कवि हूँ, बाहर पूरा अभिनेता,
जल में हिम-सा बहने का अभ्यास कर रहा हूँ !
आँसू पी न सकूँ, निर्जल-उपवास कर रहा हूँ !


निपट अकेले रोने से जी हलका होता है,
कोई नहीं पूछने-वाला तू क्यों रोता है,
ये वे पल हैं, जो नितान्त मेरे अपने पल हैं
यहाँ मौन ही अब मेरी कविता का श्रोता है,
घर से बाहर रहने का अभ्यास कर रहा हूँ !   
ऐसा लगता है, जैसे कुछ ख़ास कर रहा हूँ !

दीवारों में रहता हूँ, घर में वनचारी हूँ,
अब मैं सचमुच ऋषि कहलाने का अधिकारी हूँ,
मेरे सर-पर-का बोझा जो लूट ले गया है
मैं अपने अंतरतम से उसका आभारी हूँ,
दुख को, सुख से सहने का अभ्यास कर रहा हूँ !
सागर-डूबी धरती को आकाश कर रहा हूँ !



थोड़ी-सी राहत थी .................... प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

थोड़ी-सी राहत थी

आज ज़रा फुर्सत थी, उस टोले चला गया
उसके घर जाना क्या, रोज़-रोज़ होता है !
सहज दिन बिताना, क्या रोज़-रोज़ होता है !

मोढ़े पर बैठ कंठ-तक गोरस पी आया,
गन्ने से मीठे पल, कलयुग में जी आया,
थोड़ी-सी राहत थी, उस टोले चला गया
रीझना-रिझाना, क्या रोज़-रोज़ होता है !
रूठना-मनाना, क्या रोज़-रोज़ होता है !


झिलमिल बहुरूप नैन-कोरों में ठहर गये,
रूढ़ हुए शब्दों को अर्थ मिले नये-नये,
कैसी-कुछ चाहत थी, उस टोले चला गया
मन को गा पाना क्या रोज़-रोज़ होता है !
छेड़ना तराना, क्या रोज़-रोज़ होता है !

मौज से फटेंगी अब कितनी ही संधायें,
लोकगीत गायेंगी, मूक-बधिर यात्राएँ,
वक्त की इनायत थी, उस टोले चला गया !
ख़ुद पर इतराना, क्या रोज़-रोज़ होता है !
साथ दे ज़माना, क्या रोज़-रोज़ होता है !



Friday, January 2, 2015

आत्म-पुनर्वास भी जियें ................प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

आत्म-पुनर्वास भी जियें

हम हिरण्य-वास जी चुके, निर्जन निर्वास भी जियें !
तन का इतिहास ही नहीं, मन का इतिहास भी जियें !

एक अन्तहीन ज्वार ने
सप्त-सिन्धु एक कर दिये,
अश्रु के त्रिलोकी दृग में
लीलाधर रूप भर दिये,
खण्ड-खण्ड श्वास जी चुके, चक्रवात रास भी जियें !

सूर्यमुखी आग पी रहे
चंद्रमुखी तृप्ति के लिये,
एक बिम्ब से जुड़े हुए
सृष्टि से विभक्ति के लिये,
शून्य का प्रवास जी चुके, प्राकृत संन्यास भी जियें !


स्वप्नजात इन्द्रजाल में
मन्वन्तर-कल्प खो गये,
होना था कल कि जो हमें
इस पल ही आज हो गये,
विस्थापन-त्रास जी चुके, आत्म-पुनर्वास भी जियें !

शब्द-सिद्ध अन्तरिक्ष में
अंतर्ध्वनि लीन हो गयी,
रस-विमुग्ध लय-समाधि में
चेतना प्रवीण हो गयी,
मुक्ति का प्रयास जी चुके, मुक्ति अनायास भी जियें !


प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

मैं अरुण अभियान के अंतिम चरण में हूँ ! - प्रोफे.रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

मैं अरुण अभियान के अंतिम चरण में हूँ !
शब्द के कल्पान्त-व्यापी संचरण में हूँ !

सूर्य की शिखरांत यात्रा पर चला हूँ मैं,
एक रक्षा-चक्र में नख-शिख ढला हूँ मैं,
मैं त्रिलोचन-स्वप्नवाही जागरण में हूँ !

शशि-वलय तोड़ा प्रखर गति की चपलता ने,
तृप्ति-रंजित सोम-रस डूबी तरलता ने,
मैं प्रणय से, प्रणव के हस्तान्तरण में हूँ !

राग-रंजित मन धुला आकाश-गंगा में,
घुल गया हिमखण्ड-सा संत्रास गंगा में,
मैं महासंक्रांति-क्षण के सन्तरण में हूँ !

काल की आद्यन्त गाथा, शून्य गाता है,
प्राण-परिचित नाद मुरली-सी बजाता है,
मैं अनादि-अनन्त लय के व्याकरण में हूँ !

गीत मेरे गूँजते-मिलते ध्रुवान्तों में,
मैं मुखर हूँ, ज्वालमण्डित समासांतों में,
मैं समूची सृष्टि के रूपान्तरण में हूँ !


प्रोफे.रामस्वरूप ‘सिन्दूर’