Sunday, December 18, 2016

तू है जहाँ, वहां आ पाना- प्रोफे. रामस्वरूप सिन्दूर

तू है जहाँ, वहां आ पाना
तन के वश की बात नहीं है,
इस तन से नाता टूटे तो
तुझसे मिलना हो सकता है !

आँखों में तैरती उदासी, लहराती आंसू की छाया,
ऐसा लगे, कि मेरी काया में उतरी है तेरी काया;
दर्पण ने इस विह्वलता को
सहज योग का नाम दिया है,
दर्पण   से    नाता  टूटे  तो
तुझसे मिलना हो सकता है !


गन्ध बने उच्छ्वास, प्राण का गुह्य द्वार बरबस खुल जाये,
तेरे  साये  से  लगते हैं, मुझको  मेरे-अपने  साये ;
उपवन ने इस दिवा-स्वप्न को
महामिलन तक कह डाला है,
उपवन   से   नाता  टूटे  तो
तुझसे मिलना हो सकता है !

मैं जागूँ तो नींद सताये, ओ’ सौऊ तो नींद न आये,
मंदिर में उदास हो जाऊं, मैखाने में जी घबराये;
यह मन मेरी इस गति को ही
दुर्लभ गति कह बहलाता है,
इस मन से नाता टूटे तो
तुझसे मिलना हो सकता है !

बेसुध कर जाती हैं सुधियाँ, चेतन कर जाती मदहोशी,
मैं विदेह की तृषा, तृप्ति की नजरों में करुणा का दोषी;
दर्शन मेरे चिर यौवन को
काल-सिद्धि कह कर छलता है,
दर्शन से नाता टूटे तो

तुझसे मिलना हो सकता है ! 

Saturday, December 17, 2016

झंकृत धरती आकाश - प्रोफे. रामस्वरूप सिन्दूर

झंकृत धरती-आकाश................

झंकृत धरती-आकाश,
प्राण के तार छू दिये प्राणों ने !

अनुगुंजित अन्तर की घाटी,
नर्तित चलती-फिरती माटी;
बाँसुरी बनी नि:श्वास,
प्राण के तार छू दिये प्राणों ने !

जैसे हो वन्दन की वेला,
अर्चन-अभिनन्दन की वेला;
मुखरित निर्जन अधिवास,
प्राण के तार छू दिये प्राणों ने !


सुधियों ने अवगुण्ठन खोले,
किसलय दल-सा संयम डोले;
करुणा विगलित उल्लास,
प्राण के तार छू दिये प्राणों ने !

युग से सूखे दृग तरल हुए,
पहले जैसे ही सरल हुए;
करतल चूमे सन्यास,

प्राण के तार छू दिये प्राणों ने

ऐसे क्षण आए जीवन में - प्रोफे. राम स्वरुप सिन्दूर

ऐसे क्षण आए जीवन में................

ऐसे क्षण आए जीवन में, माटी कंचन लगे !
नयन रह जायें ठगे-ठगे !

तन लहराये अगरु गन्ध-सा
मन लहरे किसलय-सा,
हर पल लगे प्रणय की बेला
हर उत्सव परिणय-सा,

छाया तक कस लेने वाला बंधन, कंगन लगे !
नयन रह जायें ठगे-ठगे !


अपनी छाया अंकित कर दूँ
इस दहरी उस द्वारे,
पानी में प्रतिविम्ब निहारूँ
मन-मोहक पट-धारे,

चकाचौंध चौंध कर देने-वाला सूरज दर्पण लगे !

नयन रह जायें ठगे-ठगे !

तुमने मुझे बुलाया है, मैं आऊँगा - रमा नाथ अवस्थी

तुमने मुझे बुलाया है, मैं आऊँगा,
बंद न करना द्वार देर हो जाए तो !

अनगिन सांसों का स्वामी होकर भी निरा अकेला हूँ,
पाँव थके हैं दिन-भर अपनी माटी के संग खेला हूँ;
चरवाहे  की  रानी-जैसी  सुन्दर  मेरी  राह  है,
मुझको अपने से ज़्यादा सुन्दरता की परवाह है;
मेरे आने तक मन में धीरज धरना,
चाँद देख लेना यदि मन घबराए तो !

महकी-महकी सांसों-वाले फूल बुलाते हैं मुझे,
पर फूलों के संगी-साथी शूल रुलाते हैं मुझे;
लेकिन मुझ यात्री का इन शूलों-फूलों से मोह क्या,
मेरे मन का हंसा इनसे अनगिन बार छला गया;
मुझसे मिलने की आशा में सह लेना,
यदि तुमको दुनिया का दर्द सताए तो !


मेरी मंज़िल पर है रवि की धूप, बदलियों की छाया,
मैं इन दोनों की सीमाओं के घर में भी सो आया;
लेकिन मुझको तो छूना है सीमा उस श्रंगार की,
जिसके लिए टूटती है हर मूरत इस संसार की;
मैं न रहूँ तब मेरे गीतों को सुनना,
जब कोई कोकिल जंगल में गाए तो !

धो देते हैं बादल जब-तब धूल-भरे मेरे तन को,
लेकिन इनसे बहुत शिकायत है मेरे प्यासे मन को;
मरुथल में चाँदनी तैरती लेकिन फूल नहीं खिलते,
मन ने जिनको चाहा अक्सर मन को वही नहीं मिलते;
मेरा और तुम्हारा मिलना तो तय है,

शंकित मत होना यदि जग बहकाए तो !

Thursday, December 15, 2016

घर के बूढ़े लोग - ज्योति शेखर

सारी उम्र जिन्हें ढोते हैं घर के बूढ़े लोग !
उनके लिए बोझ होते हैं घर के बूढ़े लोग !!

उन्हें पता है जब ये पकेगी तब वे नहीं होंगे,
फिर भी नई फ़सल बोते हैं घर के बूढ़े लोग !

बच्चे कहते हैं, तहज़ीब नयी क्या सीखेंगे,
ये सब तो बूढ़े तोते हैं घर के बूढ़े लोग !

कभी देखना एक उजाला फैला रहता है,
जहाँ फ़रिश्तों से सोते हैं घर के बूढ़े लोग !

कभी-कभी जब और किसी बूढ़े से मिलते हैं,
चुपके-चुपके क्यों रोते हैं घर के बूढ़े लोग !

इनको छुओ साँप बनकर तब  भी ठंडक देंगे,
चंदन का दरख़्त होते हैं घर के बूढ़े लोग !

बोझ पाप का बढ़े तो इनके क़दमों में रख दो,
तीरथ हैं, गुनाह धोते हैं, घर के बूढ़े लोग !

मैं यायावर गुन्जन हूँ - रामस्वरूप सिन्दूर

मैं यायावर गुन्जन हूँ

जैसे-जैसे दृगबन्ध खुले,
मटमैले सपने रंग धुले,
कोई सुरंग मुझ को मधुवन में छोड़ गयी !
हीरक हथकड़ियाँ, स्वर्ण बेड़ियाँ तोड़ गयी !

मैं बन्दी-राजकुँअर की नियति जी रहा था
पर, कोई भी कल्पना मूर्त हो जाती थी,
तृप्ति के कमल खिलते थे राजसरोवर में
मुक्ति की कामना फिर भी बहुत सताती थी,
खंडित सुरंग, मुझको फिर मुझसे जोड़ गयी !
हीरक हथकड़ियाँ, स्वर्ण बेड़ियाँ तोड़ गयी !


दंशित-तन का विष पिया एक निर्झरणी ने
श्वास का कलुष बह गया तरंगित गन्धों में,
जीती-मरती माटी का काया-कल्प हुआ
सीमान्त सृष्टि सिमटी मेरे भुजबंधों में,
दुर्बल सुरंग, काल की कलाई मोड़ गयी !
हीरक हथकड़ियाँ स्वर्ण बेड़ियाँ तोड़ गयी !

मैं यायावर गुन्जन हूँ पुष्पक घाटी का
मैं महाप्रलय में भी अक्षय लय गाऊँगा,
डूबेंगे जब हिमसृंग अतल जलप्लावन में
शब्द के कंठ में बैठ नाद हो जाऊँगा,
सर्पिल सुरंग, अंजलि में अमृत निचोड़ गयी !

हीरक हथकड़ियाँ, स्वर्ण बेड़ियाँ तोड़ गयी !

Monday, December 12, 2016

घर में भी सम्मान मिला है - रामस्वरूप सिन्दूर


घर में भी सम्मान मिला है

मैं प्रसंगवश कह बैठा हूँ तुमसे अपनी राम-कहानी !

मेरे मनभावन मन्दिर में बैठी हैं खण्डित प्रतिमाएं,
विधिवत् आराधन जारी है, हँसी उड़ाती दसों दिशाएं,
मूक वेदना के चरणों में, मुखर वेदना नत-मस्तक है,
जितनी हैं असमर्थ मूर्तियाँ, उतना ही समर्थ साधक है,
एक ओर ज़िन्दगी कामना, एक ओर निष्काम कहानी !



बिखर गई ज़िन्दगी कि जैसे बिखर गई रत्नों की माला,
कोहनूर कोई ले भागा, तन का उजला मन का काला,
हारा मेरा सत्य कि जैसे, सपना भी न किसी का हारे,
साँसों-वाले तार चढ़ गये, जो वीणा के तार उतारे,
ख़ास बात ही तो बन पाती है, दुनिया की आम-कहानी !


एक ज्वार ने मेरे सागर को शबनम में ढाल दिया है,
कहने को उपकार किया है, करने को अपकार किया है,
प्रखर ज्योति ने आँज दिया है, आँखों में भरपूर अँधेरा,
मैं इस तरह हुआ जन-जन का, कोई भी रह गया न मेरा,
कामयाब है जितनी, उतनी ही ज़्यादा नाकाम कहानी !

निर्वसना प्रेरणा कुन्तलों बीच छिपाये चन्द्रानन है,
आँसू ही पहचान सकेगा, लहरें गिन पाया सावन है
मेरा यह सौभाग्य, कि मुझको हर अभाव धनवान मिला है
पीड़ा को बाहर जैसा-ही, घर में भी सम्मान मिला है

नाम कमाने की सीमा तक, हो बैठी बदनाम कहानी !