Monday, April 7, 2014

मुनव्वर राणा की दो गज़लें

1.
इसी गली में वो भूखा किसान रहता है
ये वो जमीं है जहाँ आसमां रहता है
 
मै  डर  रहा हूँ हवा से ये पेड़ गिर न पड़े
कि इसपे चिड़ियों का एक खानदान रहता है

सड़क पर घूमते पागल की तरह दिल है मेरा
हमेशा चोट का ताजा निशान रहता है

तुम्हारे ख्वाबों से आँखे महकती रहती है
तुम्हारी याद से दिल जाफरान रहता है

2.
माँ
लबों पर उसके कभी बददुआ नहीं होती !
बस एक माँ है जो कभी खफ़ा नहीं होती !!

इस तरह मेरे गुनाहों को वो धो देती है !
माँ बहुत गुस्से में होती है तो रो देती है !!

मैंने रोते हुए पोंछे थे किसी दिन आंसू !
 मुद्दतों माँ ने नहीं धोया दुपट्टा अपना !!

अभी ज़िन्दा है माँ मेरी मुझे कुछ  भी नहीं होगा !
मैं जब घर से निकलता हूँ दुआ भी साथ चलती है  !!

जब भी कश्ती मेरी सैलाब मैं आ जाती  है !
माँ दुआ करती हुई ख्वाब मैं आ जाती है !!

Sunday, April 6, 2014

लाल सुर्ख आंधी - दिव्या शुक्ला




एक अरसे बाद आज फिर आई
न जाने क्यूँ सुर्ख लाल आंधी
एकबारगी तो आत्मा काँप उठी
जब जब ये लाल आंधी आती है
कुछ न कुछ छीन ले जाती हैं
पहली बार जब मेरे होशोहवास में आई थी
याद है उस रात को सुर्ख आंधी ने कैसे
इन हाथों को हल्दी से पीला रंग
एक झोंके में ही अपने ही घर में पराया कर दिया था
रोप दिया नन्हे बिरवे को दूसरी माटी में
जब भी जड़े अपनी पकड़ बनाने लगती
हवा हल्का झोका उसे हिला जाता
प्रयत्न किये पर पराई की पराई ही रह गई
कभी जम ही नहीं पाई नई माटी में
आज भी सोचती हूँ अपना घर कौन सा है

बौखल बदहवास सी सब को खुश करती फिरती रही
याद ही न रहा मै कौन हूँ मेरी भी कहीं कोई खुशी है
गोल रोटियां गोलमटोल बच्चे और उन्ही के संग
गोल गोल घूमती मेरी पूरी दुनिया यहीं तक सीमाएं खींची रही
कभी कभी मन में रिसाव होता पीडाएं बह उठती सूखी आँखों से
पर सीमाओं को पार करने का साहस कभी न हुआ --न जाने क्यूँ
फिसलन ही फिसलन थी अपनी आत्मा के टपकते रक्त की फिसलन
जब जब बढे पाँव तब तब उसी फिसलन से सरक कर
मेरी जिंदा लाश को पटक आते लक्ष्मणरेखा के भीतर ही --
बड़ी लाचारी से पलट कर देखती तो पाती
दो कुटिल आँखों में कौंधती व्यंग्यात्मक बिजली
चीर देती कलेजा वह तिर्यक विजई मुस्कान -
लाल आंधी की प्रतीक्षा सी तैरने लगी थी अब मन में -
और इस बार सीमाएं तो उसने तहसनहस कर डाली परन्तु
कैद का दायरा बड़ा दिया बड़े दायरे में खींची लक्ष्मणरेखा
टुकड़ों में मिली स्वंत्रतता उफ़ साथ में हाडमांस से जुड़े कर्तव्य
अब इस बार क्यूँ आई आज क्या ले जायेगी क्या दे जायेगी
न जाने क्या क्या उमड़ता घुमड़ता रहा रीते मन में -
कोई भय नहीं आज खोने का /ना ही कोई लालसा कुछ पाने की
यही सोचते हुए न जाने कब मै द्वार खोल कर बाहर आ गई
शरीर के इर्दगिर्द ओढ़नी को लपेट कर निर्भीक खड़ी रही
आकाश की ओर शून्य में घूरती हुई -- मुस्कान तैर रही थी मुख पर
और मै धीरे धीरे बढ़ रही थी दूर चमकती हुई एक लौ की ओर
बिना यह सोचे क्या होगा दिए की लौ झुलसा भी सकती है
परंतु बढती जा रही थी बरसों से बंधी वर्जनाओं की डोर झटकती
सारी सीमाओं तोड़ती हुई लक्ष्मणरेखाओं को पैर से मिटाते हुए --
न जाने कितने अरसे बाद पूरी साँस समां रही थी सीने में वरना अब तक तो
बस घुटन ही घुटन थी --और फिर आहिस्ता आहिस्ता मंद स्मित
एक अट्टहास में बदलता गया गूंजने लगी दिशाएँ
बरसों से देह में लिपटी मृत रिश्तों की चिराइंध
बदलने लगी मलय की शीतल सुगंध में -
लक्ष्मणरेखा अब भी है परंतु स्वयं की बनाई हुई
अब इसे मेरी अनुमति के बिना नहीं पार सकता कोई

प्यार ने स्वीकार कर ली कांच की दीवार ! -प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

तय न हो पाया की चुम्बन, वासना या प्यार !
प्यार ने स्वीकार कर ली कांच की दीवार !

आह से धूमिल न होगा पारदर्शी रूप,
मेघमाला से ढलेगी इन्द्रधनुषी धूप,
तृप्ति के सर पर लटकती दूधिया तलवार !
प्यार ने स्वीकार कर ली कांच की दीवार !

होंठ पर हैं होंठ, करतल : करतालों के पास,
भित्ति-चित्रों में मुखर है प्रीति का संत्रास,
यों-लगे, जैसे किनारे पर खड़ी मझधार !
प्यार ने स्वीकार कर ली कांच की दीवार !

जानता है कौन हम किस कन्दरा में लीन ,
गंध है बेहोश, ऐसी बज रही है बीन,
हम उतर आये अतल में, क्षीर-सागर पार !
प्यार ने स्वीकार कर ली कांच की दीवार !

Friday, April 4, 2014

अपने इन छोटे गीतों को , हवन कुंड में डाल रहा हूँ - कृष्ण मुरारी पहारिया

अपने इन छोटे गीतों को
हवन कुंड में डाल रहा हूँ
जैसे भी हो सर्जन की
अपनी पीड़ा पाल रहा हूँ

मेरा यज्ञ अनवरत चलता
भले न कोई साथ दे रहा
अग्नि नहीं यह बुझी अभी तक
कहीं न कोई हाथ दे रहा

अपने ही कर जला हवन में
मैं अब तक बेहाल रहा हूँ

भाव बने मेरे वसुधारा
छंदों की समिधा कर डाली
प्राणों की हविष्य लेकर मैं
सज़ा चुका हूँ अपनी थाली

मैं ख़ुद ही अपना जीवन हूँ
ख़ुद ही अपना काल रहा हूँ

जिसे जो चाहिए उसको वही नसीब नहीं - ओम प्रकाश नदीम

जिसे जो चाहिए उसको वही नसीब नहीं
मगर ये बात यहाँ के लिए अजीब नहीं

हवाएँ आग बुझाने की बात करने लगीं
कहीं चुनाव का माहौल तो क़रीब नहीं


ज़मीन-ए-ज़र से ही इफ़लास जन्म लेता है
जहाँ अमीर नहीं हैं वहाँ ग़रीब नहीं

कोई बताये कि आख़िर मरीज़ जाएँ कहाँ
कहीं दवाएँ नहीं हैं कहीं तबीब नहीं

हमें भी अपने लिए मार्केट बनाना है
दुकानदार हैं हम सब कोई अदीब नहीं


तबीब --डॉक्टर , अदीब ---साहित्यकार

Thursday, April 3, 2014

रात बीत जाये सपनों में ,दिन काटे न कटे - प्रोफे. राम स्वरूप 'सिन्दूर'

रात बीत जाये सपनों में
दिन काटे न कटे
सब कुछ घट जाता है
लेकिन जो चाहूँ न घटे !

दिहरी मुझको, मैं दिहरी को
जैसे भूल गया हूँ
आसपास के लिए अजाना
मैं हो गया नया हूँ
दूरी की खाई गहरी है
कोशिश से न पटे !

अब भविष्यफल पूछूँ-देखूं
यह उत्साह नहीं है
छलनी-छलनी वसन, किसी की
कुछ परवाह नहीं है
आंधी चली, चिथड़ों-जैसे
कपड़े और फटे !

मन की दशा कि जैसे पल-पल
अतल-वितल होती है
श्वास-श्वास बरसात सावनी से
आँखे धोती है
बौराये आमों के नीचे
बिसरे गीत रटे !

मुझ पर गाली याकि दुआ का
असर नहीं होता है
अंध गुफा में बैठ कौन है
जो कि नहीं रोता है
मेरे प्राणों में क्या जाने
कितने गीत अटे !

सहज भाव से अब मैं कुछ भी
सहने का आदी हूँ
कोई मुझको कह देता है
पागल-उन्मादी हूँ
जीवन के पट खुले, मृत्यु का
बोझिल भार हटे !

Wednesday, April 2, 2014

परिणति फिर चाहे जैसी हो, अपना काम करो - कृष्ण मुरारी पहरिया

परिणति फिर चाहे जैसी हो, अपना काम करो
एक बार संकल्प लिया जो, उसके लिए मरो

इस अंधियारे देश काल से कैसी आशा रे
अंधे बेईमान धरम की क्या परिभाषा रे
मुक्ति खोजते हैं सब अपनी-अपनी अंध गली
आत्मतुष्ट की छाती दलता कोई महाबली

अन्यायी के लिए ह्रदय में, निर्मम रोष भरो

धवल अहिंसा के उपदेशों त्राण नहीं होगा
घुटी हुई सांसों से पोषित प्राण नहीं होगा
अपने मन की बात खोलकर कहनी ही होगी
दावानल की आंच सभी को सहनी ही होगी

कल का क्या विश्वास, समय से जूझो अभी झरो