Friday, April 18, 2014

कोई मुझ से ऊपर मन से मिलता है तो मिला करे - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

वो जो ख़ुद बच्चा जैसा है
मुझको बच्चा कहता है !
उसने मेरे पत्थर दिल को
झरना  होते  देखा  है !

मैं कुछ कहना चाहूँ तो वो
होंठों पर ऊँगली रख दे ,
उसने बहार-भीतर मुझको
अच्छे-से पढ़ रक्खा है !

ढाई-आखर पढ़ कर उसने
इन्द्रजीत को जीत लिया ,
वो मेरे मुँह पर ही मुझसे
चाहे जो कह लेता है !

उसको खो कर-के खोया है
अपना भी वुजूद मैंने ,
दुनिया के नक़्शे से मेरा
नामो-निशां मिट गया है !

कोई मुझ से ऊपर मन से
मिलता है तो मिला करे ,
मिलता है 'सिन्दूर' किसी से
पूरे मन से मिलता है !

घबरा न मेरे यार ! जो तूफ़ा से घिरा है - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

मैं किस मक़ाम पर था , कहाँ आ के रुका हूँ !
जो याद रह गया  था , वो भी भूल गया हूँ !

मंज़िल उधर कहाँ है , मैं जिस सिम्त चला हूँ,
क़िस्मत हँसी है मुझ पे , मैं क़िस्मत पे हँसा हूँ !

घबरा न मेरे यार ! जो तूफ़ा से घिरा है,
तूफ़ा की बदौलत ही मैं साहिल पे खड़ा हूँ !

ये चूक मेरी थी , कि मुक़द्दर की चाल थी,
मैं वक़्त का मालिक था , सलाख़ों में पड़ा हूँ !

वो बुत समझ के मुझको , मेरे पास आ गया ,
उसको पता न था , मैं उसे सोच रहा हूँ !

ये आईना तो झूठ कभी बोलता न था ,
मैं जो न रह गया हूँ , वही देख रहा हूँ !

गहरे उतर गया था मैं 'सिन्दूर' भँवर में ,
ये किसने पुकारा जो बवंडर-सा उठा हूँ !

Thursday, April 17, 2014

अपने टुकड़े को धकेलता मै एक गुबरैला - कश्यप किशोर मिश्रा


जिन दिनों मै खाली रहता हूँ,
यहाँ खाली होने का मतलब, उन दिनों से है
जिस दौरान मेरा लिखना पढ़ना रुका होता है|
तो इन खाली दिनों में,
बिना किसी हील हुज्जत के,
मै बस खाली हो जाता हूँ|

इन खाली दिनों के दौरान,
अक्सर मै अपने पते पर नहीं मिलता|
घर के पेड़ पौधों को दुलराते भी नहीं दिखता
न ही सुनता हूँ “कुमार गंधर्व” या
जगजीत सिंह का संगीत|
ना ही किसी सुदूर पहाड़ की चोटी पर,
अपने नोट-पैड के साथ चला जाता हूँ|
इन खाली दिनों में,
अक्सर अपने साथ मै कुछ नहीं रखता|
पिट्ठू थैला, थैले में एक गमछा, एक कैमरा,
पानी की बोतल और कुछ रूपये, जो वाकई कुछ ही रहते है|
तो निकल पड़ता हूँ बस इतने से सामान के साथ किसी भी तरफ|
शहर में ही, या गाव में हुआ तो गावों की तरफ|
यह निकल पड़ना, अक्सर पैदल ही होता है,
जो कभी-कभी बैलगाड़ी इक्का या किसी साईकिल वाले से मदद तलब होकर आराम भी कर लेता है|
गावं के सीवान से सटा काली माँ का चौर मान लीजिये मेरा ठिकाना है,
तो करीब-करीब पूरा एक दिन बस वहीँ बिता देता हूँ |
या घर से निकलते बस एक मील के फ़ासले पर,
सड़क को काटती जो नहर है,
उसकी पुलिया से उतर जाता हूँ नीचे|
ठीक पुलिया के नीचे जगह तलाशता हूँ, बैठ जाता हूँ|
कभी-कभी मुहल्लेवाले पार्क की पानी की टंकी के नीचे बिता देता हूँ, एक पूरा दिन|
और कभी-कभी ऐसा भी करता हूँ,
कि चहल-पहल बाजार में,
तलाश लेता हूँ, एक छुपा-छुपा कोना,
बस वही बैठ जाता हूँ|
एक दम खाली मन से,
खाली ख्यालों के साथ,
बस वक़्त को गुजरते रहने देता हूँ,
एकदम खाली-खाली|
...और जब सोचता हूँ, अब चला जाये|
तो सामने की दुनिया गोबर सी लगती है,
और मै,
अपने हिस्से के दुनिया के टुकड़े को धकेलता एक गुबरैला |

Wednesday, April 16, 2014

सो न सकूँगा और न तुझ को सोने दूंगा, हे मन-बीने ! - हरिबंशराय बच्चन

सो न सकूँगा और न तुझ को सोने दूंगा, हे मन-बीने !

इसीलिये क्या मैंने तुझ से
सांसों के संबंध बनाये,
मैं रह-रह कर करवट लूँ तू
मुख पर डाल केश सो जाये,

रैन अँधेरी ,  जग जा गौरी
माफ़ आज की हो बरजोरी
सो न सकूँगा और न तुझ को सोने दूंगा, हे मन-बीने !

सेज सजा सब दुनिया सोयी
यह तो कोई तर्क नहीं हैं,
क्या मुझ में-तुझ में , दुनिया में
सच कह दे , कुछ फर्क नहीं है ,

स्वार्थ प्रपंचों के दू:स्वप्नों
में वह खोयी , लेकिन मैं तो
खो न सकूँगा और न तुझ को खोने दूंगा , हे मन-बीने !

जाग छेड़ दे एक तराना
दूर अभी है भोर, सहेली !
जगहर सुन कर के भी अक्सर
भग जाते है चोर, सहेली !

सधी-बदी-सी चुप्पी मारे
जग लेटा, लेकिन चुप मैं तो
हो न सकूँगा और न तुझ को होने दूंगा, हे मन-बीने !

गीत चेतना के, सिर कलगी ,
गीत ख़ुशी के , मुख पर सेहरा ,
गीत, विजय की कीर्ति पताका ,
गीत , नींद गफ़लत पर पहरा ,

पीड़ा का स्वर आंसू , लेकिन
पीड़ा की सीमा पर मैं तो
रो न सकूँगा और न तुझ को रोने दूंगा , हे मन-बीने !

जाने कब रुक जांय ज़िन्दगी के पहिये ! - रमानाथ अवस्थी

देख रहे हैं जो भी कृपाकर मत कहिये !
मौसम ठीक नहीं आजकल चुप रहिये !

चारों ओर हमारे जितनी दूर तलक जीवन फैला है,
बाहर से जितना उजला वह, भीतर उतना ही मैला है;
मिलने-वालों से मिल कर तो, बढ़ जाती  है और उदासी,
हार गए ज़िन्दगी जहाँ हम पता चला वह बात जरा-सी;

मन कहता है दर्द कभी स्वाविकार न कर
मज़बूरी हर रोज़ कहे इस को सहिये !

कल कुछ देर किसी सूने में मैंने की ख़ुद से कुछ बातें,
लगा कि जैसे मुझे बुलायें बिन बाजों-वाली बारातें;
कोई नहीं मिला जो सुनता मुझ से मेरी हैरानी को,
देखा सब ने मुझे, न देखा मेरी आँखों के पानी को;

रोने लगी मुझी पर जब मेरी आँखें
हँस कर बोले लोग, मांग मत जो चहिये !

फुलवारी में फूलों से भी ज़्यादा साँपों के पहरे हैं,
रंगों के शौक़ीन आज भी जलते जंगल में ठहरे हैं;
जिन के लिए समंदर छोड़ा वे बादल भी काम न आये,
नयी सुबह का वादा कर के, लोग अंधेरों तक ले आये;

भूला यह भी दर्द, चलो कुछ और जियें
जाने कब रुक जांय ज़िन्दगी के पहिये !



Monday, April 14, 2014

जो कुछ होता है, होने दो - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

जन्म-दिवस पर घर के बच्चे
एस. एम. एस. कर देते हैं
ये पल भरी-भरी आँखों को
और अधिक भर देते हैं !


मित्रों की बधाइयाँ मन को
क्या से क्या कर जाती हैं,
कैसी-कैसी विडम्बनाएँ
इस जीवन में आती हैं,
'फोनकाल' पर हम सतर्क हो
संयम उत्तर देते हैं !

'बुके' साथ लाने-वालों से
हँस-हँस बातें होती हैं,
नयी सुबह की रात बड़ी है
मारक बरसातें होती हैं,
हम देते मधुमास जिन्हें
वे हमको पतझर देते हैं !

पत्नी कहती, 'मेरे रहने तक
तुमको भी रहना है,
जो कुछ होता है, होने दो
साँस चले तक बहना है,
हम उस के निर्बल काँधे पर
बोझिल सर रख देते हैं




Sunday, April 13, 2014

कृष्ण मुरारी पहरिया , बाँदा (उत्तर प्रदेश ) के दो गीत

१.
दाह नहीं है, शीतलता है
मन छाया-छाया चलता है

सभी हौसले पस्त हो गए
लड़ने के, बदला लेने के
मौलिकता के, चमक दमक
अपनी नाव अलग खेने के

क्रांति और उकसाने वाली
भाषा का नाटक खलता है

अब तो शांत झील जैसा सुख
अभ्यंतर में रचा-बसा है
विस्मृति में इतिहास पुराना
कब सर्पों ने उसे डंसा है

उसके भीतर झिलमिल-झिलमिल
राग भरा सपना पलता है

2.
एक दिया चलता है आगे-
आगे अपने ज्योति बिछाता
पीछे से मैं चला आ रहा
कंपित दुर्बल पाँव बढाता

दिया जरा-सा, बाती ऊँची
डूबी हुई नेह में पूरी
इसके ही बल पर करनी है
पार समय की लम्बी दूरी

दिया चल रहा पूरे निर्जन
पर मंगल किरणें बिखराता

तम में डूबे वृक्ष-लताएँ
नर भक्षी पशु उनके पीछे
यों तो प्राण सहेजे साहस
किन्तु छिपा भय उसके नीचे

ज्योति कह रही, चले चलो अब
देखो वह प्रभात है आता