Saturday, May 10, 2014

गीत जिस में आ रही दुर्गन्ध कुछ-कुछ याचना की - रामावतार त्यागी

गीत जिस में आ रही दुर्गन्ध कुछ-कुछ याचना की
लिख गया होगा कभी यह स्वर मगर मेरा नहीं है !

प्यार , आंसू, मन, सृजन को छोड़ कर मैं
जो झुका तो देवता के ही चरण में ,
मैं कलंकित क्यों कि मैं यह कह न पाया
जी रहा हूँ मैं तुम्हारी ही शरण में

चटखनी ख़ुद ही खरीदी और ताले भी नये हैं
रह रहा हूँ कुछ समय से घर मगर मेरा नहीं है -

आप शायर या सुकवि जितने बड़े हों
गा रहें हैं आप लेकिन दर्द मेरा ,
एक सपना , लाश मैं जिसकी उठाये घूमता हूँ
काश मिल जाता किसी मन में बसेरा ,

जो तुम्हारे पाँव पर लेटा हुआ-सा दिख रहा हूँ
गो-कि मिलता तो बहुत है सर मगर मेरा नहीं है -

गीत मेरा शौक या पेशा नहीं है
गीत से मैं आदमी को खोजता हूँ ,
हर किसी की आँख की लेता तलाशी
जो विरल है उस नमी को खोजता हूँ ,

उस तुम्हारे पत्र को पढ़ कर कहीं बस रख दिया था
भूख ने जो भी दिया उत्तर मगर मेरा नहीं है !

 

Friday, May 9, 2014

सब प्रश्नों के उत्तर दूंगा , लेकिन आज नहीं ! - मुकुट बिहारी 'सरोज'

सब प्रश्नों के उत्तर दूंगा , लेकिन आज नहीं !

आज इसलिये नहीं कि तुम मन की कर लो ,
बाकी बचे न एक ख़ूब तबियत भर लो ,
आज बहुत अनुकूल ग्रहों की बेला है
चूको मत अपने अरमानों को वर लो ,
कल की सायत जो आएगी
सारी कालिख धो जायेगी
इसलिए कि अंधियारे की होती उम्रदराज़ नहीं ,

आज सत्य की गतिविधियों पर पहरे हैं ,
क्यों कि स्वार्थ के कान जन्म से बहरे हैं ,
ले-देकर अपनी बिगड़ी बनवा लो तुम
निर्णायक इन दिनों बाग़ में ठहरे हैं ,
कल ऐसी बात नहीं होगी
ऐसी बरसात नहीं होगी
इसलिए कि दुनिया में रोने का आम रिवाज़ नहीं !

प्रश्न बहुत लगते हैं लेकिन थोड़े हैं
मैंने ख़ूब हिसाब लगा कर जोड़े हैं ,
उत्तर तो कब का दे-देता शब्द मगर
अधरों के घर आना-जाना छोड़े हैं ,
कल जब ये मौन भंग होगा
तब कोई दुःख न तंग होगा
इसलिए कि तन मरता है , मरती आवाज़ नहीं !


Thursday, May 8, 2014

आधी-आधी रात प्रणय का ज्वार उठे ! - रवीन्द्र 'भ्रमर'

आधी-आधी रात
प्रणय का ज्वार उठे !
एक चंद्रमा
लहरों में सौ-बार उठे !

मौसम देता हांक अटपटी चाल की ,
अब डोरियाँ खिंची सपनों के पाल की ,
गहरे उद्वेलन में नैया डोलती
दोनों हाथों
पूजा की पतवार उठे !

वरुण देश की हवा गूंजती कान में ,
मोहन-मन्त्र फूंक जाति है प्राण में ,
रूप तरंगें राग-वलय रच जाती  है
जल-दर्पण में
प्रिय की छवि साकार हो उठे !

चुनमुन चिड़िया दूर विजन में बोलती ,
सगुनबांचती , भेद हिया का खोलती ,
क्या इस सिकता-तट पर पाहून आयेंगे
आँख फडकती ,
दिल में दूना प्यार उठे !

कहीं रतजगा मछुआरों के गाँव में
वंशी गूंज रही तारों की छांव में ,
नाच रहीं हैं छायाएं अभिसार की
लहर-लहर पर
नूपुर की झनकार उठे !

कह डाला , सब-कुछ संबोधन में ! - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

कह डाला , सब-कुछ संबोधन में !
जो कुछ था मन में अंतर्मन में !

बिखर गये हैं शब्द अक्षरों में ,
स्वर वापस हो गये तलघरों में ,
गिरि, तिनकों से उड़े प्रभंजन में !
कह डाला , सब-कुछ संबोधन में !

पलक-मारते जिया अतीतों को
गाया शून्य-तिरोहित गीतों को ,
यौवन , कालातीत रहा तन में !
कह डाला , सब-कुछ संबोधन में !

कुहरे ने अक्षय सामर्थ्य दिया ,
जो अरूप था उसको भी देख लिया ,
अंकित हुआ अनागत दर्पण में !
कह डाला , सब-कुछ संबोधन में !

Tuesday, May 6, 2014

हंसो कि सारा जग भर जाए , पथ को वृन्दावन कर जाए - कृष्ण मुरारी पहारिया

हंसो कि सारा जग भर जाए
पथ को वृन्दावन कर जाए

यूँ तो उमर बोझ होती है
पीड़ा की गढ़री ढोती है
किन्तु कहीं इसके भीतर भी
सपनों की नगरी सोती है

भले कभी आंसू ढर जाए
पथ को वृन्दावन कर जाए

आंसू तो सुख में भी बहते
दुःख के संग सदा जो रहते
ये हैं गहराई के संगी
दुहरी कथा सदा से कहते

भारीपन अपने घर जाए
पथ को वृन्दावन कर जाए

दस्तूर क्या ये शहरे-सितमगर के हो गए - कैफ़ी आज़मी

दस्तूर क्या ये शहरे-सितमगर के हो गए
जो सर उठा के निकले थे बे-सर के हो गए


ये शहर तो है आप का, आवाज़ किस की थी
देखा जो मुड़ के हमने तो पत्थर के हो गए

जब सर ढका तो पाँव खुले फिर ये सर खुला
टुकड़े इसी में पुरखों की चादर के हो गए

दिल में कोई सनम ही बचा, न ख़ुदा रहा
इस शहर पे ज़ुल्म भी लश्कर के हो गए

हम पे बहुत हँसे थे फ़रिश्ते सो देख लें
हम भी क़रीब गुम्बदे-बेदर के हो गए
-------
शहरे-सितमगर=प्रिय का शहर; गुम्बदे-बेदर=आसमान

Monday, May 5, 2014

कौन बसा है दिल में मेरे , ये भी भूल गया हूँ मैं ! - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

कौन बसा है दिल में मेरे , ये भी भूल गया हूँ मैं !
आँखों में सूरत न किसी की , किस को ढूढ़ रहा हूँ मैं !!

चार बड़ी सी दीवारों में , रहने को , रहता हूँ मैं !
ठौर-ठिकाना कोई पूछे , चुप कर रह जाता हूँ मैं !!

मंजिल मिल पाना मुश्किल था , वो ही पा ही ली मैंने ,
अब क्या है जो साँझ-सकारे , बच्चों सा रोता हूँ मैं !

सब कुछ भूल चूका था फिर भी , बाक़ी क्या-कुछ यादों में !
सोचा था , मर गया कभी का , लगता है ज़िन्दा हूँ मैं !

सोते में चलने की आदत , मुझको राहत देती है !
जाने किस को गाते-गाते , ख़ुद को गा उठता हूँ मैं !

मैं तन-मन के साथ रहा हूँ , तन-मन साथ रहे मेरे ,
अब ये छोड़ चले हैं मुझको , इन को छोड़ चला हूँ मैं !

इश्क़ कहे तू राजपुरुष है , अश्क कहे 'सिन्दूर' है तू !
दो छोरों पर फँसे तार का , बजता इकतारा हूँ मैं !