Tuesday, September 9, 2014

मैं सलाम करता हूँ - अवतार सिंह संधू 'पाश'

मैं सलाम करता हूँ
आदमी के मेहनत में लगे रहने को

मैं सलाम करता हूँ
आने वाले खुशगवार मौसमों को

मुसीबतों से पाले गये प्यार जब सफल होंगे
बीते वक्तों का बहा हुआ लहू

जिन्दगी की धरती से उठाकर
मस्तकों पर लगाया जायेगा


मिट्टी नहीं करती भेदभाव - अनुलता राज नायर

" भेदभाव "
मिट्टी नहीं करती भेदभाव
अपने भीतर दबे बीजों पर...
होते हैं सभी बीज अंकुरित
और लहलहाते हैं
फूलते हैं, खिलते हैं....

मनुष्य ऐसा नहीं है !
वो मसल देता है
उन बीजों को
जिनसे जन्मती हैं बेटियाँ ...
ईश्वर ने मनुष्य को बुद्धि दी,
मनुष्य ने
स्वयं को ईश्वर बना लिया |

ईश्वर के आंसुओं से भीगती हैं मिट्टी
अन्खुआते हैं बीज,
मनुष्य का मन नहीं भीगता
न आंसुओं से न रक्त से !

Monday, September 8, 2014

पानी को सिलती रहतीं हैं मछलियाँ - हेमंत देवलेकर

पानी को सिलती रहतीं हैं मछलियाँ

इसलिए पानी कभी नहीं उघड़ता या

फटता नहीं

और मछलियों को पता नहीं चलता

कि वे कब धागे बन गयीं हैं


संभावनाएं - आत्मा रंजन

देखी ही जानी चाहिये
हमारे आसपास
हर संभव
देखी जायेंगी
तभी बच पाएंगी
संभावनाएं

जैसे बीज के भीतर
रहता है पेड़
अंडे के भीतर
आकाश व्यापी उड़ान

देखी जायेंगी
तभी बच पाएंगी









कभी बरगद के नीचे उगना मत - मोहन कुमार नागर

कभी बरगद के नीचे
उगना मत

उगे तो जूझना
हारना मत

उतार देना
गहराई तक जड़ें

छोड़ना मत
अपने हिस्से का जीवन रस


Sunday, September 7, 2014

नव युग का निर्माण करेंगे , ज्योतिर्मय संधान करेंगे ! - डॉ . सत्यकाम पहारिया

नव युग का निर्माण करेंगे , ज्योतिर्मय संधान करेंगे !
भारत माँ के यशोगान का सब मिलकर गुणगान करेंगे !!

मानव-मानव सभी एक हैं , किन्तु सभी की राह अलग है !
जीवन का उत्कर्ष कराने की सब में बस चाह एक है !
मात्र-भूमि को देव-भूमि में परिवर्तन की चाह एक है !
देव-संस्कृति के पालन हित हम सब मिल अनुदान करेंगे !

नव युग का निर्माण करेंगे , ज्योतिर्मय संधान करेंगे !

एक राग है , एक रंग है , एक गीत की ताल एक है !
भारत माता जग विख्याता , उसकी आसन वही एक है !
हम सब शोणित बहां चुके हैं , बंधन काटे , मुक्त किया है !
गुरु-पद का सिंहासन पाने को उद्यत हैं , संज्ञान करेंगें !

नव युग का निर्माण करेंगे , ज्योतिर्मय संधान करेंगे !

दुनिया की यह रीति नयी है , व्यक्ति-व्यक्ति की चाह यही है !
भारत होवे जग विख्याता , दुनिया के कष्टों का त्राता !
नहीं किसी से दबे हुए हैं , नहीं किसे से डरे हुए हैं !
नहीं किसी को दुःख दिया है , नहीं किसी का हरण करेंगें !

नव युग का निर्माण करेंगे , ज्योतिर्मय संधान करेंगे !

राम-कृष्ण की जन्म भूमि यह , हम सब की ये पावन धरती !
यहाँ कृष्ण ने गीता गाई , और राम ने अलख जगाई !
कर्तव्यों को पूरा करने , मर्यादा रख खूब निभाई !
ध्येय निष्ठ हैं , कर्म करेंगे , झंझाओं को दूर करेंगे !

नव युग का निर्माण करेंगे , ज्योतिर्मय संधान करेंगे !
भारत माँ के यशोगान का सब मिलकर गुणगान करेंगे !!

Saturday, September 6, 2014

इतवार और तानाशाह - मणि मोहन मेहता

आज इतवार है
अपने घर पर होगा तानाशाह
एकदम अकेला...

क्या कर रहा होगा ? ? ?
गमलों में लगे
फूलों को डांट रहा होगा ! ! !
हाथों में कैंची लिए
लताओं के पर कतर रहा होगा ! ! !
खीझ रहा होगा बीवी पर ! ! !
या फिर अपने कुत्तों से
चटवा रहा होगा तलुवे ! ! !
क्या आज फिर
टूटा होगा
उसके घर में एक आईना ?
क्या आज फिर चीख - चीख कर पूछ रहा होगा -
किसने तोड़ा है ये आईना ?
पता नहीं तानाशाह
इस वक्त अपने घर पर
किस तरह
मना रहा होगा इतवार ? ? ?