Saturday, September 13, 2014

कितनी रोशनी है फिर भी कितना अँधेरा है - सुशांत सुप्रिय

कितनी रोशनी है
फिर भी कितना अँधेरा है

कितनी नदियाँ हैं
फिर भी कितनी प्यास है

कितनी अदालतें हैं
फिर भी कितना अन्याय है

कितने ईश्वर हैं
फिर भी कितना अधर्म है

कितनी आज़ादी है
फिर भी कितने खूँटों से
बँधे हैं हम

मान लो, दुनिया के सभी खुदाओं भगवानों, मसीहाओ - वीरू सोनकर

मान लो,
दुनिया के सभी खुदाओं
भगवानों, मसीहाओ
अगर !
मरी हुई माँ के सिरहाने एक बच्चा दूध को रोता हैं
अगर , किसी घर का
इकलौता कमाने वाला दूर देश में गुमनाम मौत मरता हैं
अगर, एक मंदिर के बाहर
तुम्हे बुलाने को कोई अपना सर पटकता हैं

और तुम नहीं आते प्रभु !
अगर, एक मुस्लिम औरत
किसी दुपहर को चिल्ला देती हैं
ऒफ़्फ़ खुदाया !
गर ये नकाब ही नसीब था तो ये मेरे साथ ही पैदा क्यों नहीं किया !
और तुम चुप ही रहते हो
तो मान लो...
तुम नहीं हो
कहीं भी नहीं हो
अगर, तुम्हारे मंदिर के बाहर रोज झाड़ू लगाता बुढा,
रात को पीने के बाद बडबडाता हैं
मेरे दादा
मेरे पिता और मैं
और अब मेरा बेटा भी !
ये कहाँ फसाया हैं प्रभु !
अगर यही नसीब था
तो जात माथे पे लिख भेजते प्रभु !!
बूढ़ा रोता हैं और तुम मंदिर में ही बने रहते हो प्रभु !
मान भी लो !
तुम हमेशा से सिर्फ एक झूठ ही हो...
दुनिया का सच यही हैं
यहाँ हमेशा से बस दो ही धर्म थे, है, और रहेंगे,
मालिक और मजूर
दबंग और शोषित
खुदाओं भगवानों
मान भी लो
तुमने आज तक
उन गिरोहबंद मालिको को एक लिहाफ ही दिया हैं
धर्म के लिहाफ की आड़ में
खुद को सही साबित करते ये मालिक लोग,
आज भी,
किसी ताजा पैदा बच्चे की जात, धर्म तक नहीं बता पाते
मान भी लो प्रभु !
यही साबित करता हैं की तुम नहीं हो !

Thursday, September 11, 2014

हिल नही रहा बारहसिंघा - सुलाक्षणा दत्ता


हिल नही रहा
बारहसिंघा
सूरज की गेंद
उठाये सर पे
कह रहा दुनिया को
देखो
मैं~~~~मैं सवेरा लाया.....
सोच रहा.....
कहीं गिर न पड़े सूरज.....
थामे खड़ा सांस....
बघार रहा शान.....!


किरणों ने बनाया घेरा
उसके सींगों में फँस
सूरज को सरकाया
तब समझ आया....
ऊपर था चढ़ आया....
रवि तो स्थिर था.........!
उतरने में समय नहीं लगेगा....
किसी ने समझाया........!!!

प्यार में डूबी हुई लड़कियां - मनीषा पाण्डेय

यूं तो मनीषा के परिचय में काफी चीजें कही जा सकती हैं। वो पेशे से पत्रकार हैं, राइटर हैं, ब्‍लॉगर हैं, फेसबुक पर स्त्रियों की उभरती हुई सशक्‍त आवाज हैं, लेकिन इन सबसे ज्‍यादा और सबसे पहले वह एक आजाद, बेखौफ सपने देखने वाली स्‍त्री हैं। रोजी-रोटी के लिए पत्रकारिता करती हैं, लेकिन बाकी वक्‍त खूब किताबें पढ़ती हैं, घूमती हैं, फोटोग्राफी करती हैं और जीती हैं। उनकी जिंदगी एक सिंगल और इंडीपेंडेंट औरत का सफर है, जिसने इलाहाबाद, मुंबई और दिल्‍ली समेत देश के कई शहरों की खाक छानी है। मनीषा पूरी दुनिया की सैर करना चाहती हैं। मनीषा का परिचय इन दो शब्‍दों के गिर्द घूमता है - आजाद घुमक्‍कड़ी और बेखौफ लेखन।

रेशम  के दुपट्टे में टांकती  है सितारा 

देह मल-मल के नहाती है 
करीने से सजाती हैं बाल
आँख में काजल लगाती हैं 
प्यार में डूबी हुई लड़कियां ......

मन ही मन मुस्कराती हैं  अकेले में 
बात बेबात चह्कती 
आईने में निहारती छातियाँ  को 
कनखियों से 
खुद ही शरमाकर नजरें फिराती हैं 
प्यार में डूबी हुई लड़कियां ......


डाकिये का करती इंतजार 
मन ही मन लिखती हैं जबाब 
आने वाले ख़त का 
पिछले दफे मिले एक चुम्बन की स्मृति 
हीरे की तरह सजोती है अपने भीतर
प्यार में डूबी हुई लड़कियां ......

प्यार में डूबी हुई ये लड़कियां 
नदी हो जाती हैं 
और पतंग भी 
कल कल करती बहती हैं  
नाप लेती हैं सारा आसमान 
किसी रस्सी से नहीं बंधती 
प्यार में डूबी हुई लड़कियां ...... 
 

नहीं जानता मैं कहाँ हो तुम - ब्रह्मदेव बन्धु

नहीं जानता मैं
कहाँ हो तुम
किस शहर की किस गली में
बनाया है तुमने
आशियाना अपना
नहीं जानता मैं
हवा का कौन-सा आवारा झोंका
घुस आया था
तुम्हारे कमरे में
और अपने साथ लाये पंखों को
लगा दिया था
तुम्हारे बदन पर
उड़ गयी थी तुम
उसके साथ
आकाश की अनन्त ऊँचाइयों की ओर
और चाहकर भी
रोक नहीं पाया था मैं
तुम्हारी उड़ान को
नहीं जानता मैं
क्यों हुआ यह सब
बसंत की सुहानी शाम
क्यों बन गयी
पूस की कंपकपाती रात
कर्कश क्यों हो गयी
कोयल की कूक
उड़ते रंग-बिरंगे गुलाल
क्यों तब्दील हो गये
राख़ में
नहीं जानता मैं
कौन मुस्कुराता है अब
तुम्हारी मुस्कुराहट के साथ
कौन हँसता है
तुम्हारी हँसी के साथ
किसकी काँपती उँगलियाँ
स्पर्श करती है
तुम्हारी छुअन को
तुम्हारी आँखों की
अथाह गहराइयों को
कौन थाहता है
बार-बार
देर रात तक
मैं तो सिर्फ इतना जानता हूँ
दूर, बहुत दूर चली गई हो तुम
वहाँ, जहाँ पहुँच नहीं पाऊँगा मैं
बिना पंखों के
और पंख
जो मिल नहीं पायेंगे मुझे
सदियों तक
इसीलिए तो
अब-तक सहेज कर रखे हैं मैंने
तुम्हारी पायल की रूनझुन
तुम्हारे कदमों की आहट
तुम्हारी हथेलियों की गर्माहट
और तुम्हारे बदन की ख़ुशबू को
ताकि,
सबकुछ खोकर भी
कुछ तो महफूज़ रह सके
मेरे पास।

Wednesday, September 10, 2014

मैं जब भी आराध्य भाव में देखता हूँ शिवलिंग - विशाल कृष्ण सिंह

मैं जब भी
आराध्य भाव में देखता हूँ
शिवलिंग
तो अंतः गहरे महसूसता हूँ
श्रृष्टि के अकाट्य सत्य को ,
रचना की संस्कृति की
साहचर्य के सम्मान को |

आश्चर्य से महसूसता हूँ
कि कितने गहरे जुड़े है
स्त्री पुरुष का सम्बंध
सृजन में
जनन में
रचना में
निराशा से देखता हूँ
अपने आस पास
विकृति
सच
भ्रम
असम्मान
कि मिलन तो
एक प्रार्थना है
आत्मिक स्वीकृति है
एक जिम्मेदारी है
जननी के सच्चे स्वरूप के प्रति
बेहद जरूरी है हमारा
सम्बन्ध में शिव होना
और देख पाना
अपने देह में छिपी आधी स्त्री |

Tuesday, September 9, 2014

वो बंद कर लेना चाहता है - अनिल सिन्दूर

वो बंद कर लेना चाहता है
दरवाजे
और बैठना चाहता है
ख़ामोश
सुनने को अनकही आवाज़े
जो गूंजती रहती हैं
वे-आवाज़ बेहद करीब


वो बंद कर लेना चाहता है
कपाट
करना चाहता है अट्टहास
और हो जाना चाहता है शांत
बेहद शांत
सुनने को अनकही अन्दर की
आवाज़