Tuesday, October 7, 2014

रेतीले दिन काटे पपिहे ने - गीता चौहान मोब. 9919086565

रेतीले दिन काटे पपिहे ने
एक नेह-बिंदु सहारे से !

स्वप्न के कपोत को पकड़ने में
श्वास-श्वास उम्र की गंवाई ,
करता गलती सौ-सौ बार वो
जिसने सौ बार कसम खाई,

क्षीण हुआ बासंती मौसम यों,
उतर जाय ऊष्मा ज्यों पारे से !

उन्मन मन खोजता फिरा नित ही
शांति -पूत भावना संजोये
घूमा मन पंथ में अकेले ही
प्रीत के अमोल बीज बोये,

अंतर्मन के भवन संजे-संवरे,
नींव सधी अश्रु सने गारे से !

एक रूप दृगों में तिरा जब से
छवि ने आकृति जब से पायी है,
बिन बोले प्रीति मुखर होती है
सपनों की बेल महमहायी है,

संबोधन ऊंचे आकाश चढ़े
चाह बंधी सिन्धु के किनारे से !

Saturday, October 4, 2014

मुझमे तो खैर हिम्मत है हर दर्द सहने की ! - शशि जैन

मुझमे तो खैर हिम्मत है हर दर्द सहने की !
तुम इतने गम देते हो ..थक नहीं जाते !!

कोई रिश्ता ना होता तो तुम खफा क्यूँ होते !
ये बेरुखी तुम्हारी मोहब्बत का पता देती है !!

मेरी तन्हाई को ज़रूरत है तुम्हारी बहुत !
अगर इज़ाज़त हो तो यादों में बसा लूं तुमको !!

आज और कुछ नहीं बस तुम इतना सुन लो !
अगर मैं हूँ तनहा तो वजह तुम हो !!

क्यों शर्मिंदा करते हो हमारा हाल पूछ कर !
हाल हमारा वही है जो तुमने बना रखा है !!

काश इस बार पलट जाये बाज़ी सारी !
तुम्हे तलब हो मेरी और मैं बेवफा हो जाऊं !!

तुम्हे याद ना करूँ तो थम सी जाती हैं साँसे !
ज़िन्दगी सांसो से है या तुम्हारी यादो से !!

सुनो ऐ नरम दिल लड़कियों -- दिव्या शुक्ला

सुनो ऐ नरम दिल लड़कियों
-----------------------------------
रुई के फाहों सी नरम दिल लड़कियों
जरा सा सख्त भी हो जाओ --वरना
खतम हो जाएगा तुम्हारा वज़ूद
इसी तरह दोयम दर्जे का जीवन जीती रहोगी
याद करो कभी अपने ही घर में सुना होगा न
किसी को बार बार यह कहते
अपनी इज्जत करना सीखो --
जो अपनी इज्जत नहीं करता
दुनिया उसकी परवाह नहीं करती
सुनो ऐ नरम दिल बेवकूफ लड़कियों
कितनी भोली हो तुम नहीं समझी न ?
यह शब्द यह नसीहत यह सीख कुछ भी
तुम्हारे लिए नहीं थी अरे यह सब
तुम्हारे भाइयों के लिए कहा था


भले ही कहने वाली तुम्हारी माँ ही होगी
तुम्हारी नियति तो तय ही कर दी गई थी
सदियों पहले -- वो ही दोयम दर्जे वाली
सब जानते थे आज भी उन्हें पता है
रुई हल्की सी नमी से भीग जाती है
भारी बोझिल हो जाती है ---आंसुओं से
पर वो यह कैसे भूल गए ---कभी कभी
हल्की सी चिंगारी से रुई में आग भड़क जाती है
और भस्म हो जाता है पूरा का पूरा साम्राज्य
उसी रुई से तो बना है तुम्हारा नरम दिल
पर सुनो क्यों नहीं समझती तुम
जब तक तुम खुद नहीं समझोगी
कैसे समझाओगी सबको ----
अब तो समझो ---मत बहो अंधी नदी की धार में
जिसके कगार ढह रहे हों न जाने किस खाड़ी में
ले जाकर पटक देगी तुम्हे और फिर होगा वही
अथाह सागर में विलीन हो जाओगी --
तुम्हे खुद बनाना है अपना बाँध एकजुट हो कर
तभी तो तुम्हारी उर्जा से दिपदिपायेगा --
जगमगायेगा पूरा समाज --और
फिर ऐ रुई के फाहों सी नरम दिल लड़कियों
बस तनिक सा कठोर हो जाओ ---
अपना सम्मान करना सीख लो

Friday, October 3, 2014

अक्सर लौटता हूँ घर - मणि मोहन

अक्सर लौटता हूँ घर
धूल और पसीने से लथपथ
लौटता हूँ अक्सर
अपनी नाकामियों के साथ
थका-हारा

वह मुस्कराते हुए
सिर्फ थकान के बारे में पूंछती है
एक कप चाय के साथ
और मैं भूल जाता हूँ
अपनी हार





मन तुम किसके रूप रचे हो - कृष्ण मुरारी पहारिया

मन तुम किसके रूप रचे हो
किसके बल पर इस दुनिया में
साबुत अभी बचे हो


क्यों अरूप में रूप देखते
बिम्बों में तस्वीरें
नहीं कल्पना पर थोपी क्यों
काया की प्राचीरें
भीतर कैसा स्रोत खुला है
जिसका रस पीते हो
सारी पीड़ा भूल गये हो
हंसी ख़ुशी जीते हो


नहीं मांगते मान मनौबल
अपने आप लचे हो

घूम रहे निर्जन सड़कों पर
लेकिन नहीं उदासी
कैसा आज तुम्हारा
वृन्दावन, कैसा है काशी
किसकी मुरली गूँज रही है
इन गीतों छंदों में
कैसे तुमको लगा दीखने
ईश्वर इन बन्दों में

अब पहले से ठीक हो गये
मुझको बहुत जंचे हो

Thursday, October 2, 2014

बापू, स्वच्छ भारत का सपना - अनिल सिन्दूर

बापू,
स्वच्छ भारत का सपना
साकार करने को
आया है एक ऐसा प्रधानमन्त्री
जिसे गुमान है खुद पर
जो ठान लेता है, करता है
क्या, आपका सपना
पूर्ण करने में सफल होगा वो
संदेह है तुम्हें ?
यदि है भी, तो नहीं करना प्रदर्शित
आज़ादी के बाद, दो अक्टूबर को
करने को साकार सपने, तुम्हारे
पहली बार उठाया है सर पे आसमान
किसी सिरफिरे ने
बापू,
स्वच्छता के मामले में नहीं बख्शा था
आपने, बा' तक को
ऐसे तेवर देना उसे, आशीर्वाद स्वरूप
और देना होंसला, पस्त होने लगे जब



Wednesday, October 1, 2014

जले चराग बुझाने की ज़िद नहीं करते - चाँदनी पाण्डेय

जले चराग बुझाने की ज़िद नहीं करते ।
अब आ गए हो तो जाने की ज़िद नहीं करते।

किसी की आँख में आँसू हमे पसंद नहीं
दिलों के जख्म दिखाने की जिद नही करते ।

हमारे साए भी रस्ते में छोड़ जाते हैं
हमारा साथ निभाने की ज़िद नहीं करते।

तुम्हारे संग का भी ज़िक्र छिड़ न जाए कहीं
ग़ज़ल के शेर सुनाने की जिद नही करते।

खला में कोई ईमारत कभी नही टिकती
वहाँ मकान बनाने की ज़िद नहीं करते।

ये शहरे संग है ,पत्थर के लोग रहते हैं
यहाँ पे फूल खिलाने की ज़िद नही करते ।

ज़मीन जैसा कहीं चाँद भी न हो जाए
ज़मीं पे चाँद को लाने की ज़िद नही करते।