Monday, October 20, 2014

उठती हो ढलती हो यूँ ही मचलती हो - नीलू 'नीलपरी'

लहरें
उठती हो ढलती हो
यूँ ही मचलती हो
सागर के दिल से उभरती
ए लहरों तुम भी मेरे जैसी हो

तूफ़ान सा उठाती
बस खुद पे इतराती
कहीं गहरी कहीं ठहरी हो
ए लहरों तुम भी मेरे जैसी हो
कहाँ है उद्गम
कहाँ है संगम
अनजान डगर पे चलती हो
ए लहरों तुम भी मेरे जैसी हो
फिर मचली इक लहर
भटक गयी अपना सफ़र
क्यूँ हो, कैसी हो तुम अशांत
ए लहरों तुम भी मेरे जैसी हो

Saturday, October 18, 2014

मेरे छूने से तुम हो जाते हो - अवज्ञा अमरजीत गुप्ता

मेरे छूने से तुम हो जाते हो
अपवित्र-अशुद्ध...
और जरूरी हो जाता है
तुम्हारा नहाना...
खुद को कोसूं ,रोकूँ उस पीढ़ी का नहीं हूँ मैं...
मैं तुम्हें तब-तक छूता रहूँगा
जब-तक सर्दी जुकाम से तुम मर ना जाओ

तुम आये तो सावन आया , गये उठा तूफ़ान ! - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

तुम आये तो सावन आया , गये उठा तूफ़ान !
जल में तैरे रेगिस्तान !

कुछ कहना हो , कुछ कह जाँऊ ,
दिन-दिन-भर घर में  रह जाँऊ ,
ताज महल जैसा लगता है कलई पुता मकान !
जल में तैरे रेगिस्तान !

दर्पण देखूं , देख न पाऊँ ,
अर्थहीन गीतों को गाऊँ ,
सूरज डूबे ही  पड़  जाऊँ , सर से चादर तान !
जल में तैरे रेगिस्तान !

सोते में चौकूँ , डर जाऊँ ,
साँस  चले , लेकिन मर जाऊँ ,
सिरहाने रखने   खोजूँ , आधी रात कृपान !
जल में तैरे रेगिस्तान !

मुश्किल से हो कहीं सबेरा ,
चैन तनिक पाये जी मेरा ,
जैसे-जैसे धूप चढ़े , होता  जाऊँ नादान !
जल में तैरे रेगिस्तान !


Tuesday, October 14, 2014

"गाँधी" तुम्हारा अहिंसा का पाठ - संजीबा

"गाँधी" तुम्हारा अहिंसा का पाठ
कृष्ण अगर मानते - तो
महाभारत ही न हो पाता,
और धर्म पर अधर्म की
विजय हो जाती .............

"गाँधी" तुम्हारी अहिंसा की बात पर
राम अगर चलते - तो
युद्ध रोककर
सीता - रावण को ही सौंप कर
तसल्ली कर लेते .................

"गाँधी" तुम्हारी ग़लतफ़हमी है - कि
तुम्हारा अहिंसा का पाठ
दुनियां में पढ़ा जा रहा है
गाँधी सच तो ये है कि
तुम्हारा अहिंसा का प्रचार
सिर्फ वे लोग कर रहे हैं
जिन्हें खौफ है कि
भूखी-खूंख्वार भीड़
अपने हक़ के लिए कहीं एक दिन
उनकी देह पर आक्रमण न कर दें ...........

Monday, October 13, 2014

मुझे बचाओ एक दिन वो मेरी ही नजरों के सामने - अनिल कार्की

"मुझे बचाओ एक दिन वो मेरी ही नजरों के सामने
बना देंगे मुझे अपना सबसे प्यारा वफादार कुत्ता
वो मेरी पूँछ काट देंगे
इसलिए कि वो सीधी नहीं हो सकती
क्योंकि वह टेड़ी ही रहने को प्रतिबद्ध है
आज भी!

एक दिन, एक किसी भी दिन
वो मेरी आवाज बेच देंगे
एक दिन वो मेरी नज़र बेच देंगे
मेरी आँखों के समन्दरों पे वो उगा देंगे नागफनी
मुझे बचा लो मेरे बंधु!
मैं विश्व की सबसे संकटग्रस्त प्रजाति का
मुँहफट आदमी हूँ...."

Wednesday, October 8, 2014

वे खबरें बहुत अच्छी होती हैं - अविनाश मिश्र

वे खबरें बहुत अच्छी होती हैं
जिनमें कोई हताहत नहीं होता
आग पर काबू पा लिया गया होता है
और सुरक्षा व बचावकर्मी मौके पर मौजूद होते हैं
वे खबरें बहुत अच्छी होती हैं
जिनमें तानाशाह हारते हैं
और जन साधारणता से ऊपर उठकर
असंभवता को स्पर्श करते हैं
वे खबरें बहुत अच्छी होती हैं
जिनमें मानसून ठीक जगहों पर
ठीक वक्त पर पहुंचता है
और फसलें बेहतर होती हैं
वे खबरें बहुत अच्छी होती हैं
जिनमें स्थितियों में सुधार की बात होती है
जनजीवन सामान्य हो चुका होता है
और बच्चे स्कूलों को लौट रहे होते हैं
वे खबरें बहुत अच्छी होती हैं
इतनी अच्छी कि शायद खबर नहीं होतीं
इसलिए उन्हें विस्तार से बताया नहीं जाता
लेकिन फिर भी वे फैल जाती हैं..."

"मुखौटों से झाइयाँ नहीं छिपतीं - मदन कश्यप

"मुखौटों से झाइयाँ नहीं छिपतीं
पूरा का पूरा चेहरा छिप जाता है
सबको पता चल जाता है
कि सब कुछ छिपा दिया गया है
भला ऐसे छिपने-छिपाने का क्या मतलब
छिपो तो इस तरह
कि किसी को पता नहीं
चले कि तुम छिपे हुए हो
जैसे कोई छिपा होता है हवस में
तो कोई अवसरवाद में
कुछ चालाक लोग तो
विचारधारा तक में छिप जाते हैं
कोई सूचनाओं में छिप जाता है
तो कोई विश्लेषण में
कोई अज्ञान में तो कोई इच्छाओं में..."