Sunday, December 28, 2014

उन्मन-उन्मन सुबह..................प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

उन्मन-उन्मन सुबह
     और फिर उन्मन-उन्मन शाम !
दिन के माथे जड़ी धूल पर उखड़े हुए प्रणाम !

  सड़कों पर बदरंग टोपियाँ-झण्डों की भरमार,
    चाभी-भरे खिलौनों के जुलूस करते बेगार,
वक़्त गुज़ारे
  घोर नास्तिक लेकर हरि का नाम !
दिन के माथे जड़ी धूल पर उखड़े हुए प्रणाम !


होश फाख्ता करते बगुला-भगती शांति-कपोत,
  सूरज की रोशनी पी गये, नशेबाज़ खदयोत,
जो जितना बदनाम
 हो रहा वह उतना सरनाम !
दिन के माथे जड़ी धूल पर उखड़े हुए प्रणाम !

  होटल के प्यालों से चिपके क्षमताओं के होंठ,
स्वगत-गालियों में करते हैं खुद अपने पर चोट,
     भीतर-भीतर युद्ध हो रहा
                        बाहर युद्ध-विराम !
 दिन के माथे जड़ी धूल पर उखड़े हुए प्रणाम !

प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

Saturday, December 27, 2014

कौन सी मदिरा पिलाई पीर ने ! - प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’



कौन सी मदिरा पिलाई पीर ने !

आँख मेरी हो गयी इतनी रसीली,
बात मेरी हो गयी इतनी नशीली,

पास जो आता, न जाना चाहता है
ले लिया जग मोल एक फ़कीर ने !
कौन-सी  मदिरा  पिलाई  पीर ने !

देह दर्पण-सी   दमकने  लग  गयी है,
सौ दियों की ज्योति मन में जग गयी है,

प्राण पर जो कालिमा वाकी बची थी
पोंछ ली कब, क्या पता, किस चीर ने !
कौन सी मदिरा पिलाई पीर ने !
मैं नशे में चूर होकर भी सजग हूँ,
आँसुओं के साथ रह भी अलग हूँ,

चेतना सोती नहीं अब रात में भी
कर दिया आज़ाद हर जंजीर ने !
कौन सी मदिरा पिलाई पीर ने !

प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

छुम-छम-छम बरसे नीर, न तुम आना !-प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’



छुम-छम-छम बरसे नीर, न तुम आना !
कितनी भी कसके पीर, न तुम आना !

बूंदों पर गड़ जाती होंगी अँखियाँ,
कुछ खिंची-खिंची-सी सरसिज की पखियाँ,
रोमावालियाँ लहरा जाती होंगी
रो-रो देती होंगी हठ की सखियाँ,

वौछार होंठ बिन छुये न जब माने,
मुड़ना, गह उड़ता चीर, न अकुलाना !
छुम-छम-छम बरसे नीर, न तुम आना !
कितनी भी कसके पीर, न तुम आना !

कुछ देर बाद बादल उड़ जायेंगे,
देखा जायेगा जब फिर आयेंगे,
पर अनिल और रस में सन जायेगी
सासों के पग कैसे चल पायेंगे,

सोया होगा दीपक, न चंचला से
लखना मेरी तस्वीर, मान जाना !
छुम-छम-छम बरसे नीर, न तुम आना !
कितनी भी कसके पीर, न तुम आना !


अब खो लेता हूँ मैं अपनेपन में,
मन लगता तब तक रहता इस तन में,
जी चाह रहा पर आज खूब तड़पूं
उलझा-उलझा लोचन हर जल-कन में,

मेरे सुख-दुख का ध्यान अगर आये,
निशि में न पढ़ाना कीर, तरस खाना !
छुम-छम-छम बरसे नीर, न तुम आना !
कितनी भी कसके पीर, न तुम आना !

प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

Friday, December 26, 2014

याद रहे रंगों का मेला.............. प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’




याद रहे रंगों का मेला, रंगों की रानी !
करो कुछ ऐसी नादानी !

नयनों में अरुणाभा तैरे
अधर हुए रसभीने,
कोने-कोने सोम कलश है
चलो-चलें हम पीने,
ये, वे क्षण हैं, जिनको तरसें बड़े-बड़े ज्ञानी !
    करो कुछ ऐसी नादानी !


पार करे अंजन की रेखा
चितवन बाज़ न आये,
तप्त शिराओं पर पड़ते हैं
रति-अनंग के साये,
गर्म अबीरी सांसों को कर दो पानी-पानी !
  करो कुछ ऐसी नादानी !

ठुमुक चलो तुम ऐसे, जैसे
जल-तरंग लहराये,
भर उमंग खींचो पिचकारी
तन विवस्त्र हो जाये,
अनजाने में करो शरारत जानी-पहचानी !
करो कुछ ऐसी नादानी !

इन्द्रधनुष तोड़ा बसंत ने
सिन्दूरी आँगन में,
रोली को गुलाल ले भागा
यौवन के मधुवन में,
लजवन्ती कामना न ढक पाये आँचल धानी !
     करो कुछ ऐसी नादानी !



वे क्षण ........... प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’


वे क्षण भूल नहीं पाता हूँ !

दर्पण-से निर्मल सरवर में
नील कमल-सी तू तिरती थी,
लहर उठाते इस करतल को
चूम-चूम लोचन भरती थी,
नीर विचुम्बित उन अधरों का
कम्पन भूल नहीं पाता हूँ !


कंगन डाल दिया था जल में      
डुबकी मार उठा लाने को,
समय पड़े तो तू प्रस्तुत थी
सागर के तल तक जाने को,
वे मृदु वचन और वह तेरा
कंगन भूल नहीं पाता हूँ !

तूने इन भीगे चरणों को
उच्छवासों में बांध लिया था,
कोई करुण गीत गाने को
अपने कवि को विवश किया था,
तेरी जल-पूरित अंजलि का
अर्चन भूल नहीं पाता हूँ !