Monday, May 5, 2014

औरों के सुख-दुःख को अपना माने इस बस्ती में कब कोई व्यक्ति मिला ! - देवेन्द्र शर्मा 'इंद्र'

औरों के सुख-दुःख को
अपना माने इस बस्ती में
कब कोई व्यक्ति मिला !

सब अपनी-अपनी कारा में बंदी
सब अपने-अपने गम में हैं डूबे ,
सब अपनी-अपनी सीमा के स्वामी
सब के अपने हैं अलग-अलग सूबे ,

तैनात सभी अपनी छावनियों में
सब का अपना-अपना है एक किला !

जब भी पुरवाई का झोंका आता
वन में सब तरुवर साथ झूमते हैं ,
सूर्य के चतुर्दिक अन्तरिक्ष में सब
ग्रह-उपग्रह मिल कर साथ घूमते हैं ,

व्यक्ति की प्रकृति क्यों भिन्न प्रकृति से है
क्यों उस का ही संवेदन हुआ शिला !

हीनतर प्रकृति से व्यक्ति सदा होता
फिर भी वह ख़ुद को श्रेष्ठ समझता है ,
वह मुक्तकाम हो कर भी , बंधन में
जन्म से मरण तक नित्य उलझता

व्यक्ति की अस्मिता टहनी से नाज़ुक ,
सुख-दुःख ने आ कर जिस को दिया हिला !

Sunday, May 4, 2014

गा-कर मन बहलाने दे , जो खोया , खो जाने दे ! - प्रोफे. राम स्वरुप 'सिन्दूर'

गा-कर मन बहलाने दे !
जो खोया , खो जाने दे !

मीठे-मीठे ताने दे !
आँखें भर-भर आने दे !

हर आंसू गंगा जल है ,
तन पवित्र हो जाने दे !

छल भी सच हो जाता है ,
समझ लिया समझाने दे !

कर तो लिया होम तूने,
हाथ जले जल जाने दे !

धोखा देने-वाले को ,
जीवन-भर पछताने दे !

जो चाहे 'सिन्दूर' बने ,
उसको ठोकर खाने दे !

अच्छे दिन आने वाले हैं - कृष्ण मुरारी पहारिया


यह रचना 24 जनवरी 97 को  लिखी गयी थी !


घर से जब मैं निकल पड़ा हूँ
मुझे कहीं तो जाना होगा
अपने थके हुए  प्राणों को
दिशा-दिशा भटकाना होगा

इतना तो विश्वास लिए हूँ
ऐसी धरती कहीं मिलेगी
सपनों की यह बेल नयन में
अवसर पाकर जहाँ खिलेगी
इसीलिए पगडंडी पकड़े
जिधर मुड़ रही , चला जा रहा
टुकड़ा एक धूप का पाने
बरस-बरस से छला जा रहा

चाहे जितना अंधकार हो
मुझे प्रभाती गाना होगा

भीतर कोई बोल रहा है
चले चलो रुकना मरना है
अच्छे दिन आने वाले हैं
और तुम्हें ही कुछ करना है
सन्नाटे में शक्ति दे रही
कहीं उठी कोई स्वर लहरी
भीतर की आवाज़ न सुनती
क्या कीजे , दुनिया है बहरी

यह सन्नाटा तोड़ मुझे ही
अब सांकल खटकाना होगा

Saturday, May 3, 2014

पेड़ से हम अलग टूटी डाल हैं ! - यश मालवीय

पेड़ से हम अलग
टूटी डाल हैं !
या-कि टूटी
पत्तियों का ताल हैं !

पात टूटे, टूटती बौछार हो मन-प्राण टूटे ,
कुछ भले हो नहीं मिटते याद के वो बेलबूटे ,
हम कि अपनी
मुक्ति का ही जाल हैं !

है सदा हक़ में हमारे मौसमों का यह बदलना ,
व्यवस्था का बादल जाना और गिर-गिर कर सँभलना
बहुत अच्छा है
कि हम बेहाल हैं !

सुनो , पीली पत्तियों की बारिशों का शोर जागे ,
शाम जागे , दोपहर जागे कि कच्ची भोर जागे ,
हम चढ़ाईहैं ,
कि हम ही ढाल हैं !


Friday, May 2, 2014

मन, तुम सबसे भले अकेले - कृष्ण मुरारी पहारिया

मन, तुम सबसे भले अकेले
भीड़-भड़क्का में जाओगे
बारम्बार धकेले

सारी दुनिया  भाग रही है
रंग मंच के पीछे
दौड़ रहे रथ और सारथी
दोनों आँखें मींचे
अपना और पराया कोई
नहीं देख कर चलता
राव सभी महफ़िल तक पहुंचे
रंक रहे कर मलता

गिरे अगर तो तुम्हें कुचलते
चले जायेंगे रेले

टिटरी-टू काया ले बैठे
उखड़ी-उखड़ी साँसें
जिनको तुम समझे हो अपना
उनके मन में गाँसे
साथ तुम्हारे सिर्फ तुम्हीं हो
जी लो चाहे मर लो
अपनी ही आहों का गायन
अपने जी में भर लो

लगने दो यदि कहीं लगे हों
सुर-संगम के मेले

ए आस्माँ जब भी तेरी आँख से - वंदना गुप्ता

ए आस्माँ
जब भी तेरी आँख से
झरा अश्क
धरा ने सोख लिया
कभी तूने भी
धरा के माथे पर
धधकते लावे का
चुम्बन लिया होता
और प्रेम को मुकम्मल किया होता
इश्क के इम्तिहान देने और लेने में बडा फ़र्क हुआ करता है ………

मुझे याद है मेरी बस्ती के सब पेड़ पर्वत, हवाएं , परिंदे मेरे साथ रोते थे - निदा फ़ाज़ली

मुझे याद है
मेरी बस्ती के सब पेड़
पर्वत, हवाएं , परिंदे मेरे साथ रोते थे
मेरे ही दुःख में
दरिया किनारों पे  सर को पटकते थे
वही जुगनुओं की
चरागों की
बिल्ली की आँखों की ताबन्दगी थी
नदी मेरे अन्दर से गुजरती थी
आकाश ........................
आँखों का धोखा नहीं था
ये बात उन दिनों की है
जब इस जमीं पर
इबादत घरों की ज़रूरत  नहीं थी
मुझी में
खुदा था !