Tuesday, December 16, 2014

पंछी ने दृग मूँद, लिये हैं !.................. प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’



पंछी ने दृग मूँद, लिये हैं !

कितने ऊँचे आसमान से,
मेघों के पुष्पक विमान से,

छोड़ दिया नादान करों ने,
और पंख भी बांध दिये हैं !


पंछी ने दृग मूँद, लिये हैं !
 



इतनी चेतनता क्षण-क्षण में,
कब आयी होगी जीवन में,

एक घूँट में ही प्राणों ने,
अनगिन सूरज-चाँद पिये हैं !


पंछी ने दृग मूँद, लिये हैं !



कौन कहाँ आँचल फैलाये,
नीचे तो सागर लहराये,

तेज हवाओं के झोंकों ने,
सारे संबल दूर किये हैं !


पंछी ने दृग मूँद, लिये हैं !




Wednesday, December 10, 2014

वचन हारने लगो ...... - .प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

वचन हारने लगो, याद जय के क्षण कर लेना !
सामने दर्पण धर लेना !

ताजमहल की सेजों पर हम-तुम थे शीश धरे,
और, दृगों में थे यमुना का निर्मल नीर भरे,
संकल्पों में बंधे याद वे बंधन कर लेना !
सामने दर्पण धर लेना !


चिश्ती के मज़ार पर बाँधें साथ-साथ धागे,
सदा साथ रहने-वाले दिन हाथ जोड़ माँगे,
किया हर्ष में दान, याद वह कंगन कर लेना !
सामने दर्पण धर लेना !

मन-कामेश्वर के मंदिर में ज्योतित दीप जले,
मुखर व्रतों को दीप्त शिखाओं ने आशीष दिये,
स्वप्न, सत्य-सा दिया याद वह दर्शन कर लेना !
सामने दर्पण धर लेना !


सब कुछ भूला..............- प्रोफे. रामस्वरूप ‘सिन्दूर’

सब कुछ भूला, किन्तु न भूले वे लोचन अभिराम !
तुम्हारे लोचन ललित-ललाम !

चितवन में सपनों की छाया,
मृग-मरीचिकाओं की माया,
इन्द्रधनुष- धारे पलकों में छिपे रहें घनश्याम !
तुम्हारे लोचन ललित-ललाम !

बात न जो अधरों तक आये,
दृष्टि सहज में ही कह जाये,
वे दृग , संकेतों से ले-लें कैसे-कैसे काम !
तुम्हारे लोचन ललित-ललाम !

कब की उठी मधुर मधुशाला,
पर न अभी तक उतरी हाला
कभी-कभी मैं हस्ताक्षर में , लिख जाऊं खैयाम !
तुम्हारे लोचन ललित-ललाम !

Monday, December 1, 2014

तू ही नही , डरता है सूरज भी - अनिल सिन्दूर

तू ही नही,
डरता है सूरज भी
अँधेरों  से,
समय आता है जैसे ही
अँधेरों का
'वो' कहीं
दूर छिप  कर बैठ
करता है इंतजार
अपने समय का,
करना होगा तुझे भी
इंतजार
उस समय का !